राजस्थान के चूरू जिले की सरदारशहर विधानसभा उपचुनाव कांग्रेस ने बड़े अंतर से जीत लिया है। यहां से कांग्रेस प्रत्याशी अनिल शर्मा ने भाजपा उम्मीदवार अशोक कुमार पींचा को 26 हजार 696 वोटों से हराया। आरएलपी उम्मीदवार लालचंद मूंड तीसरे नंबर पर रहे। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और विधायक रहे भंवरलाल शर्मा के निधन के कारण यहां उपचुनाव हुए हैं।
अनिल शर्मा को कुल 91 हजार 357 वोट मिले, जबकि भाजपा के अशोक पींचा को 64 हजार 505 और आरएलपी के लालचंद मूंड को 46 हजार 753 वोट मिले। अनिल शर्मा यहां के पूर्व विधायक भंवरलाल के बेटे हैं। उन्होंने अपने पहले ही विधानसभा चुनाव में भारी मतों से जीत दर्ज की। इस जीत के साथ कांग्रेस ने उपचुनावों में जीत के अपने रिकॉर्ड को भी कायम रखा है।
सरदारशहर विधानसभा सीट पर कांग्रेस का दबदबा रहा है। आजादी के बाद से अब तक के चुनावों में पार्टी ने इस बाद दसवीं बार जीत दर्ज की है। यहां से दूसरे नंबर पर रहे भाजपा उम्मीदवार अशोक कुमार पींचा को पार्टी ने साल 2013 और 2018 में भी उम्मीदवार बनाया था। दोनों चुनावों में भंवरलाल शर्मा ने पींचा को मात दी थी। इस बार उनके बेटे अनिल शर्मा ने उन्हें हराया है। पींचा साल 2008 में यहां से चुनाव जीते थे।
पिछले पांच विधानसभा चुनाव में 4 बार कांग्रेस के दिवंगत नेता भंवरलाल शर्मा ने जीत हासिल की थी। सिर्फ 1 बार 2008 में भाजपा के अशोक पींचा ने जीत हासिल की थी। यहां 5 दिसम्बर को 72.09 प्रतिशत मतदान हुआ था। कांग्रेस के अनिल शर्मा, भाजपा के अशोक पींचा और आरएलपी के लालचंद मूंड के बीच त्रिकोणीय मुकाबला था।
