अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर अनूपगढ़ के पास बिंजोर पोस्ट पर पाक रेंजर्स की ओर से फायरिंग की गई। सीमा सुरक्षा बल ने जवाबी फायरिंग की। असल में, पाकिस्तान की तरफ से घुसपैठ की कोशिश की जा रही थी। इस दौरान दोनों तरफ से फायरिंग हुई।
फायरिंग के बाद शनिवार सुबह भारतीय सीमा सुरक्षा बल के अधिकारियों ने पाकिस्तान के रेंजर को फ्लैग मीटिंग के लिए बुलाया, लेकिन पाक रेंजर मीटिंग में नहीं आए। घटना के बाद अंतरराष्ट्रीय सीमा पर गश्त बढ़ा दी गई है।
पुलिस उपाधीक्षक जयदेव सियाग ने बताया कि शुक्रवार शाम तारबंदी के पार जीरो लाइन के पास कुछ भारतीय किसान खेती करने के लिए गए हुए थे। उन्होंने घुसपैठ कर रहे दो व्यक्तियों को देख लिया। किसानों ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो शाम 5 बजे अचानक पाकिस्तान की तरफ से फायरिंग शुरू हो गई। पाकिस्तान रेंजर्स की तरफ से फायरिंग होने पर भारत के सीमा सुरक्षा बल के जवान भी सतर्क हो गए। उन्होंने भी पाकिस्तान के रेंजर्स पर फायरिंग की।
भारतीय जवानों की ओर से 18 राउंड फायर किए गए हैं। दोनों तरफ से फायरिंग बंद होने के बाद सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने इसकी सूचना उच्च अधिकारियों को दी। इसके बाद समादेष्टा तरुण कुमार गौतम व अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे। अभी इस मामले की जांच की जा रही है।
फायरिंग की सूचना मिलने पर अन्य भारतीय सुरक्षा एजेंसियां भी सक्रिय हो गई हैं। इस घटना के बाद बीएसएफ और पुलिस के द्वारा आसपास के क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस उप अधीक्षक सियाग ने बताया कि फायरिंग के दौरान भारत में घुसने का प्रयास करने वाले दोनों पाक नागरिक पाकिस्तान की ओर वापस भागे हैं। दोनों तरफ से फायरिंग होने पर भारतीय किसान घबरा गए। हालांकि, भारतीय किसानों या जवानों का किसी भी तरह का कोई नुकसान नहीं हुआ है।
श्रीकरणपुर के गांव मांझीवाला के पास बीएसएफ की हरमुख पोस्ट पर जवानों को बीते रविवार को भी देर रात एक युवक की हरकत नजर आई थी। जवानों ने उसे रुकने के लिए कहा. लेकिन वह नहीं रुका। जवानों ने उस पर फायर किया। एक गोली युवक को लगी औऱ उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी।
