शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की फिल्म—पठान, रिलीज से पहले विवादों में घिर गई है। फिल्म के पहले गाने ‘बेशरम रंग…’ की टीजर आज रिलीज किया गया, जिसमें शाहरुख और दीपिका ने बेहद हॉट सीन दिए हैं। गाने में दीपिका ने भगवा रंग की बोल्ड ड्रेस पहनी है, इसी को लेकर फिल्म का विरोध हो रहा है।
मध्य प्रदेश के गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा- पठान फिल्म के गाने में अभिनेत्री की वेशभूषा और दृश्यों को ठीक करें, नहीं तो फिल्म को प्रदेश में अनुमति दी जाए अथवा नहीं, इस पर फैसला किया जाएगा। प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष ने भी फिल्म के दृश्यों को लेकर आपत्ति जताई है।
मंत्री मिश्रा ने कहा कि फिल्म के गाने में उपयोग की गई कॉस्ट्यूम पहली नजर में बेहद आपत्तिजनक है। साफ दिख रहा है कि यह गाना दूषित मानसिकता के कारण फिल्माया गया है। वैसे भी दीपिका पादुकोण टुकड़े-टुकड़े गैंग की समर्थक रही हैं, इसलिए इन दृश्यों को ठीक करें।
नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह ने कहा, जो सीन देखा वह अशोभनीय और गंदा है। भारतीय संस्कृति इसे स्वीकार नहीं कर सकती। हमारे देश की ऐसी परंपरा नहीं है कि इस तरीके के अर्धनग्न सीन नौजवानों के बीच परोसे जाएं। गोविंद सिंह ने कहा- सेंसर बोर्ड ने कैसे परमिशन दी? क्या उसमें शासन के प्रतिनिधि नहीं रहते? पैसे देकर काम कराओ और बाद में उसे तूल देकर देश का वातावरण खराब किया जाता है। भगवा रंग को बेशरम रंग कहने पर नेता प्रतिपक्ष ने कहा ये गलत है। फिल्म में जो आपत्तिजनक दृश्य दिखाए गए हैं, उन पर तत्काल रोक लगना चाहिए।
पठान फिल्म 25 जनवरी को रिलीज होगी। ये हिंदी के साथ ही दक्षिण की भाषाओं में भी रिलीज होगी। फिल्म में दीपिका और शाहरुख के साथ ही जॉन अब्राहम भी नजर आएंगे। जॉन विलेन बने हैं। एक महीने पहले फिल्म का टीजर भी रिलीज हुआ था। कई लोगों को यह पसंद नहीं आया था। सोशल मीडिया पर फिल्म के बायकॉट करने की मांग उठी थी। यूजर्स ने बताया था कि यह फिल्म हॉलीवुड मूवी को वॉर और मार्वल्स की कॉपी है।
