वर्ष 2022 जाते-जाते राजस्थान की कांग्रेस सरकार पर सरकारी भर्ती परीक्षा में पेपर लीक के कलंक का एक औऱ दाग लग गया। राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) की वरिष्ठ शिक्षक भर्ती परीक्षा ग्रुप सी की आज सुबह पहली पारी में होने वाली सामान्य ज्ञान परीक्षा का पेपर लीक मानकर स्थगित कर दिया गया।
परीक्षा शुरू होने से पहले ही पेपर लीक हो गया। उदयपुर में 42 छात्र बस में पेपर सॉल्व करते पकड़े गए। इसे लेकर अजमेर, उदयपुर, अलवर समेत राज्यभर में छात्रों ने हंगामा और प्रदर्शन किया। इसके बाद आनन-फानन में सुबह नौ बजे परीक्षा शुरू होने से ठीक पहले पेपर रद्द कर दिया गया। इस मामले में हिरासत में लिए गए आरोपियों की संख्या 50 हो गई है। 42 को एक बस से हिरासत में लिया गया था, बाकी 8 को उदयपुर जिले के सुखेर पुलिस स्टेशन के सामने स्थित एक निजी होटल से पकड़ा गया। इन 50 में आठ महिलाएं भी शामिल हैं।
हालांकि दूसरी पारी में होने वाली परीक्षा कराई गई। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के अनुसार आज सिर्फ सुबह की पारी में होने वाला जीके का पेपर स्थगित किया गया है। इस पेपर को चार लाख छात्र देने वाले थे। अब ये परीक्षा कब होगा। इसकी जानकारी नहीं दी गई है।
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एक ट्वीट में कहा, आज 9 से 11 बजे शिक्षक भर्ती की सामान्य ज्ञान परीक्षा को ऐतिहातन निरस्त किया गया है, जिससे किसी भी मेहनतकश युवा के साथ अन्याय ना हो। बाकी परीक्षाएं यथावत जारी रहेंगी। उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में पार्दर्शिता के लिए हमारी सरकार ने सख्त कानून बनाया है। दुर्भाग्य से देशभर में पेपर लीक करने वाले गैंग पनप गए हैं, जिससे कई राज्यों में यहां तक कि ज्यूडिशियरी एवं सैन्य भर्ती परीक्षा तक में पेपर लीक हो रहे हैं।
वैसे गहलोत सरकार की ओर से तमाम सख्ती के दावे और कड़े क़ानूनी प्रावधानों के बाद भी पेपर लीक होने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पेपर लीक के सिलसिलेवार घटनाक्रम को लेकर प्रदेश सरकार की किरकिरी हो रही है। वहीं भाजपा समेत सभी विरोधी दल सरकार को सड़क से लेकर विधानसभा सदन तक चौतरफा घेरते रहे हैं।
राजस्थान की सरकारी भर्ती परीक्षाओं में पेपर आउट के मामलों ने अनूठा रिकॉर्ड बना लिया है। संभवतः राजस्थान ही ऐसा एकमात्र राज्य है, जहां पूरे देश में हो रही सरकारी भर्ती परीक्षाओं के दौरान सबसे ज़्यादा पेपर लीक प्रकरण सामने आये हैं। यहां वर्ष 2018 से लेकर इस साल तक 7 सरकारी भर्ती परीक्षाएं के पेपर लीक तथा अन्य गड़बड़ियों की वजह से रद्द हो चुकी हैं।
