जयपुर के एक पॉश इलाके में लॉरेंस गैंग की ओर से की गई फायरिंग से दहशत फैल गई है। घटना के करीब 12 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली है। फायरिंग की जिम्मेदारी गैंगस्टर रितिक बॉक्सर ने ली है। उसने सोशल मीडिया पर धमकी देते हुए कहा कि – सबका नंबर आएगा।
मामला जवाहर थाना इलाके के जी क्लब का है। पुलिस के अनुसार शनिवार रात करीब 12 बजे बाइक पर आए तीन बदमाशों ने क्लब में बाहर से फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग की आवाज आते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार बदमाशों ने करीब 17 राउंड फायरिंग की है। हालांकि, किसी को चोट नहीं आई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शहर में नाकाबंदी करवाई, लेकिन अब तक आरोपियों का सुराग नहीं लगा है।
जानकारी के अनुसार आरोपियों ने पहले क्लब की रेकी की थी। इसके कुछ देर बाद वे फायरिंग करने के लिए बाइक पर आए और चार-पांच मिनट तक गोली चलाते रहे। यह पूरी घटना क्लब के बाहर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई।
इस फायरिंग की जिम्मेदारी रितिक बॉक्सर ने ली है। रविवार सुबह बॉक्सर ने अपने सोशल मीडिया पेज पर लिखा, राम-राम जयपुर। यह जी क्लब जयपुर पर जो फायरिंग हुई है यह मैंने ऋतिक बॉक्सर, अनमोल विश्नोई ( लॉरेंस बिश्नोई गैंग) ने करवाई है। याद रहे सबका नंबर आएगा….
ऋतिक के संभावित ठिकानों पर पुलिस दबिश दे रही है। हालांकि, अभी तक फायरिंग करने वाले किसी भी व्यक्ति की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
बताया जा रहा है कि जयपुर शहर में संभवत: पहली बार इस तरह की फायरिंग की गई है। जी क्लब के सिक्योरिटी इंचार्ज राजेंद्र सिंह ने बताया- बदमाश जिस समय फायरिंग कर रहे थे। वह मौके पर मौजूद थे। बदमाश एक कागज परिसर में फेंककर गए। साथ में बोले- अगर 1 करोड़ रुपए नहीं दिए तो आगे इससे भी बड़ी घटना हो सकती है।
