अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर राजस्थान सरकार ने महिलाओं को बड़ा तोहफा दिया है। 8 मार्च को महिलाएं और बालिकाएं रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा कर सकेंगी। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रस्ताव को मंजूरी दी है। प्रस्ताव के अनुसार यह यात्रा राजस्थान की सीमा में रोडवेज की सभी साधारण और द्रुतगामी बसों में मिलेगी। महिला दिवस पर राज्य में लगभग 8.50 लाख महिलाओं और बालिकाओं द्वारा यात्रा करने का अनुमान है। इस पर लगभग 7.50 करोड़ रुपए का खर्च होगा।
सरकार हर साल महिला दिवस पर महिलाओं को रोडवेज में निशुल्क यात्रा की सुविधा देती है। इसके अलावा रक्षाबंधन पर भी सरकार निशुल्क यात्रा की छूट देती है। राज्य सरकार ने बजट में किराए में 30 प्रतिशत की छूट को बढ़ाकर 50 प्रतिशत कर दिया है। इससे भी बसों में यात्रा करने वाली महिलाओं को खासा फायदा होगा।
