एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा और आप सांसद राघव चड्ढा के रिलेशनशिप की चर्चा के बीच आम आदमी पार्टी के ही अन्य सांसद संजीव अरोड़ा ने दोनों को बधाई दी है। उन्होंने ट्विटर पर परिणीति और राघव के रिश्ते की पुष्टि कर दी है।
हाल में जब राघव चड्ढा और परिणीति चोपड़ा से मीडिया ने रिलेशनशिप को लेकर सवाल पूछा था तो दोनों ने चुप्पी साध ली थी। तब दोनों ने सिर्फ ये कहा था कि जब करेंगे तब बताएंगे। अब संजीव अरोड़ा ने बधाई संदेश ने सबको चौंका दिया है।
संजीव अरोड़ा ने राघव चड्ढा और परिणीतिक चोपड़ा की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, मैं राघव चड्ढा और परिणीति चोपड़ा को दिल से शुभकामनाएं देता हूं। मैं उम्मीद करता हूं कि दोनों का जीवन प्यार, खुशी और एक-दूसरे के साथ से भरा रहे। मेरी तरफ से शुभकामनाएं। संजीव अरोड़ा ने जैसे ही ट्वीट किया, लोग परिणीति और राघव चड्ढा को बधाई देने लगे।
इससे पहले, कई रिपोर्ट में दावा किया गया था कि परिणीति और राघव के परिवारों के बीच शादी की चर्चा हो रही है। परिणीति और राघव रोका सेरेमनी के जरिए अपना रिश्ता पक्का कर सकते हैं। परिणीति को हाल में फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा के घर के बाहर भी स्पॉट किया गया। इससे परिणीति और राघव की शादी को लेकर चर्चा भी जोरों पर शुरू हुई।
