त्रिपुरा विधानसभा में भाजपा के एक विधायक पोर्न वीडियो देखते पकड़े गए। विधायक बड़े आराम से अपने टैब पर पोर्न देख रहे थे, जिसका किसी ने पीछे से वीडियो बना लिया। यह अब सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। विधानसभा में पोर्न देखने वाले विधायक का नाम है- जादब लाल नाथ। वह त्रिपुरा के बागबासा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के विधायक है।
विधानसभा में विधायक का पोर्न देखने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जाता है कि यह घटना सोमवार 27 मार्च की है, लेकिन वीडियो अब वायरल हुआ है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार विधानसभा सत्र के दौरान जादब लाल नाथ अपने टैबलेट पर पोर्न देख रहे थे, उसी दौरान किसी ने पीछे से उनका वीडियो बना लिया।
विधायक जादब लाल नाथ पहले सीपीआई (एम) के कार्यकर्ता थे। 2018 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हुए। 2018 में उन्हें चुनाव में हार का सामना करना पड़ा। तब उनके खिलाफ सीपीआई (एम) के उम्मीदवार और पूर्व स्पीकर रामेंद्र चंद्र देबनाथ थे।
विधानसभा में विधायक द्वारा पोर्न देखे जाने के मामले में त्रिपुरा भाजपा के अध्यक्ष राजीव भट्टाचार्य ने कहा कि कल रात मीडिया के जरिए हमें इसकी जानकारी मिली है। रात को मेरी जादब लाल नाथ से बात भी हुई। पार्टी की ओर से उन्हें एक नोटिस जारी किया जाएगा। हम उनसे स्पष्टीकरण मांगेंगे। दूसरी ओर विधायक जादब लाल का कहना है कि यह साजिश के तहत किया गया है। इस पर वह अपना स्पष्टीकरण पार्टी को देंगे।
विधानसभा में पोर्न देखने का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले ऐसी ही शर्मनाक घटना कर्नाटक से सामने आई थी। 2012 में कर्नाटक विधानसभा में भाजपा सरकार के दो मंत्री विधानसभा की कार्यवाही के दौरान मोबाइल पर अश्लील वीडियो देखते मिले थे। तत्कालीन सहकारिता मंत्री लक्ष्मण सावदी और महिला और बाल कल्याण मंत्री सीसी पाटील सदन में पोर्न देख रहे थे। मामला सामने आने पर जमकर हंगामा बरपा था।
