राजस्थान में आंधी-बारिश थमने के साथ गर्मी बढ़ने लगी है। तापमान तेजी से ऊपर जा रहा है। मंगलवार सुबह से दक्षिणी पश्चिमी हवा चलने और सूरज के तल्ख तेवरों के कारण दोपहर में झुलसाने वाली गर्मी रही, जिसने देर शाम तक पसीने छुड़ाए। प्रदेश में सोमवार को 14 स्थानों पर दिन का तापमान 40 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान बाड़मेर में 42.1 डिग्री दर्ज किया गया। जयपुर में भी अधिकतम तापमान 39 डिग्री तक पहुंच गया।
जयपुर मौसम केन्द्र के अनुसार आगामी दो-तीन दिनों में राज्य के अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान में दो से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी। 10 मई तक राज्य के कुछ भागों में अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज होने की संभावना है। मौसम केंद्र के निदेशक ने बताया 14 मई तक प्रदेश में किसी प्रकार की बारिश की संभावना नहीं है। अब दक्षिण पश्चिमी क्षेत्रों में तापमान 44 डिग्री हो जाएगा। इससे यहां और पूर्वी राजस्थान के कोटा संभाग में लू चलने की आशंका है।
