
राजस्थान की राजधानी जयपुर स्थित आइकोनिक रामबाग पैलेस को बेस्ट लग्जरी होटल का अवार्ड मिला है। यह होटल देश के विख्यात ताज होटल ग्रुप की चेन है। यह अवार्ड ट्रैवल प्लस लेजर इंडिया मैगजीन ने दिया है। पाठकों के माध्यम से मैगजीन ने सर्वे कराया। इसके बाद ‘ट्रैवल प्लस लेजर इंडियाज बेस्ट अवार्ड्स 2021′ की घोषणा की गई। रामबाग पैलेस को ‘ज्वैल ऑफ जयपुर‘ भी कहा जाता है। साल 1835 में इसे बनाया गया था। यह शाही गेस्ट हाउस और शिकार लॉज बना। साल 1925 में रामबाग पैलेस जयपुर के महाराजा का परमानेंट रेजिडेंस बन गया। रामबाग पैलेस अपने मेहमानों को राजपूती मेहमान नवाजी की बेहतरीन परम्परा के साथ शाही जिन्दगी का एक्सपीरियंस करवाता है। वो भी ऐसी लग्जरी, जो कभी केवल राजाओं को हासिल थी। यह पैलेस 47 एकड़ में बना है।
रामबाग पैलेस जितना आलीशान है, उतना ही महंगा भी। इसे देश का सबसे महंगा होटल भी कहा जाता है। होटल में ‘सुख निवास एंड सूर्यवंशी सुइट’ भारत का सबसे महंगा सुइट माना जाता है। होटल के कमरे आपको महाराजा या महारानी की फीलिंग देते हैं। इसमें अलग-अलग रूम और सुइट का किराया 2.50 लाख से 10 लाख रुपए तक है। इनमें खूबसूरत कालीन बिछाई गई है। छत पर गोल्डन वर्क की कारीगरी है।
रामबाग पैलेस का स्विमिंग पूल बहुत आकर्षक है। इसकी भव्यता मन मोह लेती है। अंदर का डायनिंग एरिया राजसी ठाठ-बाट का एहसास कराता है। खाने में राजस्थानी, इंडियन, मल्टीकुजीन सब कुछ यहां उपलब्ध है। स्पेशियलिटी के हिसाब से शेफ और कुक रखे गए हैं। खानसामों को महारथ हासिल है। होटल में गोल्डन खाने की थाली और बर्तनों का शाही अंदाज डायनिंग एक्सपीरियंस को लग्जरी फील देता है।
होटल में ग्रुप की बैठकों और चर्चा के लिए ट्रेडिशनल रॉयल राजपूती शैली के हॉल हैं। ये राजसी दरबार जैसे दिखते हैं।
बेस्ट लग्जरी होटल अवॉर्ड मिलने पर खुशी जताते हुए रामबाग पैलेस होटल के जनरल मैनेजर अशोक राठौड़ ने कहा- प्रतिष्ठित अवॉर्ड को जीतना सम्मान की बात है। इससे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों के रूप में राजस्थान और जयपुर पर ज्यादा फोकस करने में मदद मिलेगी। ये पुरस्कार सालों से टीम की लॉयल्टी का रिजल्ट है। मैं अपने सभी मेहमानों को भी धन्यवाद देना चाहता हूं, जिन्होंने रामबाग पैलेस को अपने पसंदीदा लग्जरी होटल के रूप में वोट दिया।