भारत में कोरोना वायरस संक्रमण फैलने की दर बताने वाली ‘आर-वैल्यू’ 14 जनवरी से 21 जनवरी के बीच और कम होकर 1.57 रह गई है। अब देश में संक्रमण की तीसरी लहर के आगामी पखवाड़े में चरम पर पहुंचने की संभावना है। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मद्रास के प्रारंभिक विश्लेषण में यह जानकारी दी गई। ‘आर-वैल्यू’ बताती है कि एक व्यक्ति कितने लोगों को संक्रमित कर सकता है। यदि यह दर एक से नीचे चली जाती है तो यह माना जाता है कि वैश्विक महामारी समाप्त हो गई है।
इस बीच, देश में लगातार तीसरे दिन नए कोरोना केस घट गए हैं। कल 3 लाख 33 हजार 533 नए कोरोना संक्रमित मिले। इस दौरान 2.59 लाख लोग ठीक हुए, जबकि 525 लोगों की मौत हुई है। पिछले दिन के मुकाबले नए संक्रमितों में करीब 4 हजार की कमी आई है। शुक्रवार को 3.37 लाख संक्रमित मिले थे और 488 लोगों की मौत हुई थी। इससे एक दिन पहले गुरुवार को 3.47 लाख लोग संक्रमित मिले थे और 703 लोगों की मौत हुई थी।
फिलहाल देश में 21.87 लाख एक्टिव केस हैं। तीसरी लहर में कुल एक्टिव केस का आंकड़ा पहली बार 21 लाख के पार पहुंचा है। कुल एक्टिव केस ने 31 दिसंबर को 1 लाख का आंकड़ा छुआ था। इस लिहाज से महज 22 दिन में कुल एक्टिव केस 21 गुना हो गए हैं। देश में डेली पॉजिटिविटी रेट 17.78 फीसदी है। वहीं, वीकली पॉजिटिविटी रेट 16.87 फीसदी है।
