सरोगेसी के माध्यम से बच्चे को जन्म देने के बाद से ही प्रियंका चौपड़ा चर्चा में बनी हुई हैं। बच्चे के जन्म के दो दिन बाद अब प्रियंका चौपड़ा के चर्चा में आने का कारण है चर्चित लेखिका तसलीमा नसरीन के सरोगेसी को लेकर एक के बाद एक कई ट्वीट किए हैं। उनके ट्वीट के माध्यम से दिए गए बयान ने विवाद खड़ा कर दिया है।
शुक्रवार शाम को बॉलीवुड एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा और उनके पति निक जोनस ने घोषणा की थी कि वे सरोगेसी से एक बच्चे के मां-बाप बने हैं। हालांकि तसलीमा नसरीन ने प्रियंका चोपड़ा के नाम का आरंभ में जिक्र नहीं किया, लेकिन ये ट्वीट प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस की ओर से शुक्रवार रात को सरोगेसी के माध्यम से अपने पहले बच्चे का स्वागत करने के बाद आया है।
सबसे पहले ट्वीट में तसलीमा ने इसकी प्रक्रिया की आलोचना की और सरोगेसी के माध्यम से मातृत्व प्राप्त करने वाली माताओं की भावनाओं पर सवाल उठाया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, जब वे सरोगेसी के माध्यम से अपने रेडीमेड बच्चे प्राप्त करती हैं तो उन माताओं को कैसा लगता है? क्या उनमें भी बच्चों के लिए वही भावनाएँ होती हैं, जो बच्चों को जन्म देने वाली माताओं में होती हैं?’
इसके बाद तसलीमा ने एक और ट्वीट कर लिखा, गरीब महिलाओं के चलते सरोगेसी संभव है। अमीर लोग हमेशा अपने स्वार्थ के लिए समाज में गरीबी देखना चाहते हैं। अगर आपको बच्चे को पालने की बेहद ज्यादा जरूरत है, तो बेघर को गोद लें। बच्चों को आपके गुण विरासत में मिलने चाहिए। यह सिर्फ एक स्वार्थी घमंडी अहंकार है।
इसके बाद तस्लीमा ने आज 22 जनवरी को एक और ट्वीट किया, जिसमें उन्होंने लिखा है – मैं तब तक सरोगेसी स्वीकार नहीं करूंगी जब तक कि अमीर महिलाएं सरोगेट मॉम बनना शुरू नहीं कर देतीं। मैं तब तक बुर्का भी स्वीकार नहीं करूंगी, जब तक पुरुष भी इसे प्यार के कारण पहनना शुरू नहीं कर देते। मैं तब तक वेश्यावृत्ति भी स्वीकार नहीं करूंगी जब तक पुरुष भी वेश्यावृत्ति शुरू नहीं कर देते और पुरुषों को अपनी महिला ग्राहकों की प्रतीक्षा करते नहीं देखा जाता। अन्यथा सरोगेसी, बुर्का या वेश्यावृत्ति, ये सभी सिर्फ महिलाओं और गरीबों के शोषण का रूप ही हैं।
इस मुद्दे पर किए गए अपने सबसे अंतिम ट्वीट में तस्लीमा ने लिखा कि सरोगेसी पर किए गए मेरे ट्वीट सरोगेसी पर मेरी अलग राय के बारे में हैं। प्रियंका-निक से कोई लेना-देना नहीं है। मुझे इस युगल से प्यार है।
बताते चलें कि सरोगेसी एक मेडिकल प्रोसेस है। इसके तहत एक महिला के अंडे को चिकित्सकीय प्रक्रिया से पुरुष के शुक्राणु के साथ फर्टिलाइज किया जाता है और फिर उससे बनने वाले भ्रूण को किराए पर ली गई सरोगेट मां के गर्भाशय में रख दिया जाता है जो बच्चे को गर्भ में रखती है और समय पूरा होने के बाद जन्म देती है। इसके बदले में माँ को पैसा मिलता है और अंडाणु और शुक्राणु देने वाले युगल को बिना किसी प्रसव पीड़ा के अपना बच्चा।
