करौली में आई लव यू लिखी एक ओढनी की डिजाइन को लेकर बवाल हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि एक बार तो बाजार बंद करने की नौबत आ गई। आई लव यू लिखी ओढनी बेचने वाले व्यापारियों को माफी मांगनी पड़ी, तब जाकर मामला शांत हुआ। व्यापारियों ने वादा भी किया कि वो अब इस तरह की साड़ी नहीं बेचेंगे।
करौली के टोडाभीम उपखंड के कपड़ा बाजार में (I Love You) लिखी ओढ़नी बिक्री के लिए आई थी। यह साड़ी करौली के कुछ घरों में पहुंची तो इस पर विवाद हो गया। लोग भड़क गए। विरोध में लोग बाजार में उतरकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। साड़ी को लेकर मीणा समाज के लोगों ने भी विरोध जताया। उनका कहना था कि व्यापारियों ने अपने मुनाफे के लिए स्थानीय संस्कृति को भी नजर अंदाज कर दिया है। यह आदिवासी संस्कृति के साथ छलावा है।
मीणा समाज के सैकड़ों लोग टोडाभीम उपखंड मुख्यालय पहुंचे और कपड़ा मंडी में कपड़ा व्यापार मंडल के साथ बैठक की। टोडाभीम व्यापार मंडल महामंत्री गोपाल लाल गुप्ता ने बताया कि कुछ लोगों ने एक विशेष डिजाइन वाली ओढ़नी का विरोध किया था। विरोध के बाद हुई बैठक में आपसी सहमति से बिक्री नहीं करने का निर्णय लिया है। बैठक में व्यापारियों ने ग्रामीणों से कहा कि वे भी महिलाओं का सम्मान करते हैं। इस तरह का कोई भी कपड़ा बाजार में नहीं बेचा जाएगा। व्यापारियों ने यह भी कहा भी आगे इस तरह की कोई गलती नहीं होगी। व्यापारियों ने इस पूरे विवाद को लेकर ग्रामीणों से माफी भी मांगी। बैठक में सभी व्यापारियों ने यह भी फैसला किया कि कोई भी दुकानदार भविष्य में विवाद बढ़ाने वाला कोई पहनावा बेचने के लिए नहीं मंगवाएगा।
