कोटा के पूर्व महाराव बृजराज सिंह का आज निधन हो गया। 87 साल की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली। वे कोटा के अंतिम शासक महाराव भीम सिंह द्वितीय के पुत्र थे। 21 फरवरी 1934 में जन्मे राजपरिवार की 18 पीढ़ी के बृजराज सिंह तीन बार झालावाड़ लोकसभा से सांसद चुने गए थे। तीसरी लोकसभा में वो कांग्रेस तथा चौथी व पांचवी लोकसभा में जनसंघ से सांसद चुने गए। दोपहर बाद उनका अंतिम संस्कार किया गया।
पूर्व महाराव बृजराज सिंह के बेटे इज्यराज भी कोटा लोकसभा से कांग्रेस के टिकट पर सांसद रहे है। इज्यराज की पत्नी कल्पना देवी वर्तमान में लाडपुरा से भाजपा के टिकट पर विधायक है। बृजराज सिंह के निधन से शहर में शोक का माहौल है। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने बृजराज सिंह के निधन पर शोक जताया है। यूडीएच मंत्री शांति धारीवाल ने भी पूर्व महाराव के निधन पर संवेदना प्रकट की है।
