इस साल के आईपीएल का मेगा ऑक्शन 12 और 13 फरवरी को बेंगलुरु में होगा। मंगलवार को बीसीसीआई ने 590 खिलाड़ियों की लिस्ट जारी की है, जो ऑक्शन का हिस्सा होंगे। इन खिलाड़ियों में 355 अनकैप्ड प्लेयर्स और 228 कैप्ड प्लेयर्स शामिल होंगे। दो दिन तक चलने वाली इस नीलामी में 10 टीमें हिस्सा लेंगी। नीलामी में 7 एसोसिएट देश के खिलाड़ी, 370 भारतीय और 220 विदेशी खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
इस बार आईपीएल में कई बड़े खिलाड़ी हिस्सा नहीं लेंगे। वेस्टइंडीज के दिग्गज खिलाड़ी क्रिस गेल ने अपना नाम नीलामी में नहीं दिया है। ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क, इंग्लैंड के सैम करन, बेन स्टोक्स, जोफ्रा आर्चर, जो रूट, क्रिस वोक्स ने भी ऑक्शन में अपना नाम शामिल नहीं करवाया है।
दो करोड़ के बेस प्राइस में 48 खिलाड़ियों ने खुद को रखा है। 20 खिलाड़ियों ने खुद को 1.5 करोड़ के बेस प्राइस में रखा है। 1 करोड़ के बेस प्राइस की सूची में 34 खिलाड़ियों के नाम हैं।
आईपीएल-2022 के लिए 33 खिलाड़ियों को रीटेन किया गया है। 8 टीमों ने 27 खिलाड़ियों को रीटेन किया है। 2 नई टीमों ने 6 खिलाड़ियों को अपनी टीम के साथ जोड़ा है। केएल राहुल को लखनऊ ने 17 करोड़ में अपनी टीम के साथ जोड़ा है। इसके साथ ही वह आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी भी बन गए हैं। इससे पहले आरसीबी के पूर्व कप्तान विराट कोहली को 2018 से 2021 के सीजन तक 17 करोड़ मिलते थे। लखनऊ ने केएल को अपनी टीम का कप्तान भी बनाया है।
साल 2018 के बाद आईपीएल की पहली बड़ी नीलामी होने जा रही है। आईपीएल 2018 की नीलामी में कुल 8 टीमें थी। इस बार 10 टीमें नीलामी में हिस्सा लेंगी। 10 टीमों ने मिलकर 33 खिलाड़ियों पर कुल 338 करोड़ रुपए खर्च किए हैं। भारत की ओर से 2 करोड़ की बेस प्राइस में रविचंद्रन अश्विन के अलावा, श्रेयस अय्यर, शिखर धवन, इशान किशन, सुरेश रैना के नाम हैं। विदेशी खिलाड़ियों में डेविड वार्नर, कगिसो रबाडा, ड्वेन ब्रावो के अलावा पैट कमिंस, एडम जंपा, स्टीव स्मिथ, शाकिब अल हसन, मार्क वुड, ट्रेंट बोल्ट और फाफ डु प्लेसी जैसे बड़े नाम हैं।
