आईपीएल 2022 की नीलामी में 10 फ्रेंचाइजियों ने अबतक 41 खिलाड़ियों को खरीदा है। इनमें अब तक के सबसे महंगे खिलाड़ी ईशान किशन रहे हैं, जिन्हें 15.25 करोड़ में मुंबई ने खरीदा। उन पर बोली लगाने के लिए नीता अंबानी की मुंबई और गुजरात के बीच 10 मिनट तक लंबी होड़ चली।
ईशान इस नीलामी के साथ आईपीएल में दूसरे सबसे महंगे भारतीय हो गए हैं। इससे पहले युवराज को 16 करोड़ में दिल्ली कैपिटल्स ने खरीदा था। ईशान ने अपने गुरु महेंद्र सिंह धोनी को भी पछाड़ दिया, जिन्हें चेन्नई ने 12 करोड़ में रिटेन किया है। ईशान के बाद दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी बिके दीपक चाहर। उन्हें चेन्नई सुपर किंग्स ने 14 करोड़ में खरीदा। मिडिल ऑर्डर बैट्समैन और विकेटकीपर निकोलस पूरन के लिए भी लंबी लड़ाई चली। करीब 8 मिनट की बोली के बाद पूरन को हैदराबाद ने 10.75 करोड़ में खरीदा।
युवा ओपनर देवदत्त पडिकल को बेंगलुरु ने 7.75 करोड़ में खरीदा। 2 करोड़ बेस प्राइस वाले पडिकल की बोली 40 सेकंड में ही 4 करोड़ पार कर गई थी। इसी तरह हर्षल पटेल को 10.75 करोड़ में राजस्थान रॉयल्स ने खरीदा, पिछले साल उनकी सैलरी 20 लाख थी यानी अब इसमें 53 गुना इजाफा हुआ है। नीतीश राणा को 8 करोड़ में केकेआर ने खरीदा।
