
राजस्थान में मौसम में बदलाव और सर्द हवाओं ने एक बार फिर सुबह-शाम ठंडक बढ़ा दी है। पिछले दिनों प्रदेश के कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी हुई थी। उसके बाद से ठंडी हवाएं चल रही हैं। इससे चूरू, सीकर, झुंझुनूं, जयपुर समेत उत्तर-पूर्वी क्षेत्र के कई जिलों में तापमान 3 डिग्री तक गिरकर 10 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे आ गया। हनुमानगढ़ में बीती रात न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। प्रदेश में यह सबसे ठंडा रहा।
जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार अजमेर, अलवर, चूरू, जैसलमेर, जोधपुर, पिलानी समेत कई शहरों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे पहुंच गया है। जयपुर में आज सुबह से सर्द हवाएं चल रही हैं। इससे ठंडक बढ़ गई। दिन में तेज धूप के बावजूद गर्मी के तेवर नरम रहे। जयपुर में बीती रात न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हनुमानगढ़-श्रीगंगानगर में सर्दी का असर थोड़ा ज्यादा है। हनुमानगढ़ में रात के साथ ही दिन के तापमान में भी गिरावट हुई है। यहां कल अधिकतम तापमान 22.8 और गंगानगर में अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
राज्य में आज न्यूनतम तापमान में गिरावट होने से 5 शहरों में पारा गिरकर 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। हनुमानगढ़ के अलावा चूरू, सीकर, झुंझुनूं, श्रीगंगानगर और नागौर में बीती रात न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रिकॉर्ड हुआ। इन शहरों में एक दिन पहले न्यूनतम तापमान 10 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच था।
बाड़मेर, जालौर, सिरोही और डूंगरपुर छोड़कर शेष जिलों में 27 फरवरी के दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। सबसे गर्म दिन और रात डूंगरपुर जिले की रही, जहां अधिकतम तापमान 31.7 और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया। कुछ दिन पहले बाड़मेर में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के नजदीक पहुंच गया था।वहां भी अब दिन का पारा 31 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया। मौसम के इस बदलाव से दिन में गर्मी का असर थोड़ा कम हुआ है।