बिहार के भागलपुर में बम बनाते समय हुए विस्फोट में 14 लोगों की मौत हो गई है। शहर के काजवली चक इलाके में गुरुवार रात करीब 11.30 बजे जबरदस्त धमाका हुआ। इससे करीब 5 किमी तक का इलाका दहल उठा। बम फटने से चार घर ढह गए। आज दोपहर 3 बजे तक 14 शव निकाले गए हैं। मलबे में अभी भी 4 लोग दबे हुए हैं, जिन्हें निकालने की कोशिश की जा रही है। विस्फोट में 11 लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं। इनका इलाज चल रहा है। घटना पर पीएम मोदी ने भी शोक जताते हुए ट्वीट किया और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से फोन पर बात की।
पुलिस को मलबे से 5 किलो बारूद और काफी संख्या में लोहे की कीलें मिली हैं। इस वजह से पुलिस बम ब्लास्ट के एंगल से भी जांच कर रही है। कुछ ही दिनों पहले आईबी ने भागलपुर पुलिस को अलर्ट किया था। विस्फोट से करीब 5 किमी के दायरे में रात भर अफरातफरी का माहौल रहा। भागलपुर एसएसपी बाबूराम ने कहा कि यहां तीन लोग पटाखा बनाने का काम करते थे। इसी में अचानक विस्फोट होने से आसपास के चार मकान गिरने और मलबे में लोगों के दबने से मौतें हुई हैं। कुछ लोगों ने बताया है कि लीलावती देवी के मकान में विस्फोट हुआ है। एफएसएल की टीम जांच कर रही है। पूरी रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगा कि विस्फोटक किस तरह का था।
अब तक मरने वालों में सिर्फ तीन की पहचान हो पाई है। इनका नाम राहुल कुमार (21 वर्ष), गणेश प्रसाद सिंह (60), उर्मिला देवी (70) है। सभी काजवली चक के हैं। बताया जा रहा है कि मरने वालों में तीन साल की बच्ची से लेकर 70 साल के बुजुर्ग भी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार शब-ए-बारात के लिए घर में बम बनाया जा रहा था, जिसको लेकर ये ब्लास्ट हुआ है। एक घायल निर्मल ने भी इसकी पुष्टि की है।
