
बिहार में मधुबनी शहर के झंझारपुर इलाके के एक डॉक्टर दंपति ने अपनी बेटी के जन्मदिन पर उसको अनूठा गिफ्ट दिया है। उन्होंने बेटी को चांद का टुकड़ा खरीदकर दिया है। इन दिनों चांद पर जमीन खरीदने का ट्रेंड काफी बढ़ गया है। इसी कड़ी में एक डाक्टर दंपत्ति ने अपनी बेटी के 10वें जन्मदिन पर चांद पर एक एकड़ जमीन गिफ्ट की है। उन्होंने अपनी लाड़ली को रजिस्ट्री के पेपर भी सौंपे।
डॉक्टर दंपति की बेटी आस्था भारद्वाज पांचवी क्लास में पढ़ रही है। उसको पिता डॉ सुरबिंदर कुमार झा और मां डॉ सुधा झा जन्मदिन पर यादगार तोहफा दिया। दंपति झंझारपुर नगर पंचायत में स्थित एक निजी नर्सिंग होम में काम करते हैं।पिता सुरबिंदर कुमार झा बताते हैं किउनके परिवार में जन्मी आस्था पहली बेटी है। इसी खुशी में वे दोनों उसके जन्मदिन पर कुछ अलग गिफ्ट देने की सोच रहे थे। डॉ. झा के अनुसार गत25 फरवरी को उनका ये सपना पूरा हो गया और उन्होंने बेटी को अनूठा तोहफा दिया।
डॉ. दंपति ने बेटी आस्था को चांद पर जमीन की रजिस्ट्री पेपर के साथ चांद पर जाने का एयर टिकट भी उपलब्ध कराया गया है। इस टिकट को बेटी जब चाहे उपयोग कर सकती है।डॉ सुरबिंदर झा ने बताया कि चांद पर जमीन खरीद कर बेटी को गिफ्ट देने की प्रक्रिया को उन्होंने करीब डेढ़ साल पहले शुरू किया था। इसके लिए उन्होंने इस वेबसाइट पर इसकी प्रक्रिया तलाशी और खरीदारी का माध्यम खोजा।
इसमें अमरीका के कैलिफोर्निया के ला सोसायटी के बारे में पता चला। इसके बाद उन्होंने इस सोसाइटी की वेबसाइट पर जाकर आवेदन किया। इसके जवाब में उनका और उनकी बेटी के नाम से पासपोर्ट और वहां के इंडियन एंबेसी का क्लीरियेंस ऑर्डर मांगा गया।डॉ. दंपति ने बेटी का पासपोर्ट बनवाकर उसी सोसायटी को मेल किया। इसके बाद उसी माध्यम से उनका और बेटी का वेरीफिकेशन हुआ। फिर सोसाइटी ने ही एंबेसी से सभी प्रक्रिया करवा कर क्लीयरेंस कोड दिलवाया।