मेरठ में शनिवार सुबह पैसेंजर ट्रेन के इंजन और दो कोच में आग लग गई। हादसा मेरठ शहर से 18 किमी. दूर दौराला स्टेशन पर हुआ। सहारनपुर से दिल्ली की तरफ जा रही ट्रेन दौराला स्टेशन पर खड़ी हुई थी। अचानक ट्रेन के कोच में धुआं उठने लगा। आनन-फानन में रेलवे कर्मचारियों ने आग लगे इंजन और दो डिब्बों को अलग किया। इसके बाद यात्रियों ने धक्का लगाते हुए ट्रेन की अन्य बोगियों को आग से बचाया।
रेलवे कर्मचारियों ने कहा कि अगर समय रहते यात्री ट्रेन के अन्य डिब्बों को धक्का लगा कर अलग न करते तो कई डिब्बे जल जाते। सुबह के समय वहां कोहरा था। सहारनपुर से दिल्ली जानी वाली पैसेंजर ट्रेन दौराला स्टेशन पर रुकी। इसमें यात्री भी सवार होने लगे। इस दौरान यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना कंट्रोल रूम को दी गई।
ट्रेन में आग की शुरूआत इंजन से हुई। इंजन के पीछे वाले पैसेंजर डिब्बे ने भी आग पकड़ ली। यात्री ट्रेन से कूदकर जान बचाकर भागते रहे। इस दौरान यात्रियों ने वीडियो भी बना लिया। आग से एक कोच जलकर खाक हो गया। इसे रेलवे के अधिकारियों ने ट्रेन से अलग किया। इंस्पेक्टर दौराला नरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस मौके पर है। उच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया है। मुख्य अग्नि शमन अधिकारी संतोष कुमार राय ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है।
