भारत और श्रीलंका के बीच जारी डे-नाइट टेस्ट के पहले दिन टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा द्वारा लगाया गया छक्का खतरनाक साबित हुआ। इस छक्के की वजह से एक दर्शक के नाक की हड्डी टूट गई। मैच के छठे ओवर में विश्वा फर्नांडो की गेंद पर रोहित ने पुल शॉट मारा और गेंद छक्के के लिए गई। डेक्कन हेराल्ड के रिपोर्ट के अनुसार गेंद मैच देख रहे एक फैन 22 साल के गौरव विकास के नाक पर लगी और उसे नाक में हेयरलाइन फ्रेक्चर के साथ गहरा कट भी लगा।

कर्नाटक क्रिकेट एसोसिएशन ने गौरव को पहले मेडिकल रूम में ले जाकर फर्स्ट एड दिया और फिर तुरंत हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उन्हें टांके लगाए गए हैं। इस बारे में गौरव के भाई राजेश ने बताया कि डॉक्टर ने कुछ दिन बाद टांके हटाने को कहा है।
बेंगलुरु में खेले जा रहे पिंक बॉल टेस्ट में पहले दिन रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। भारत की शुरुआत खराब रही और दूसरे ही ओवर में मयंक अग्रवाल (4) रन आउट हो गए। मयंक का विकेट बहुत ही अलग अंदाज में गिरा। पहले उनके खिलाफ पगबाधा की अपील की गई, लेकिन अंपायर ने नॉट-आउट दिया। गेंद ऑफ साइड में गई थी और इसी बीच मयंक रन लेने के लिए दौड़ पड़े। रोहित शर्मा भी दौड़े लेकिन फिर उन्होंने मयंक को रन के लिए मना किया। इसी बीच पॉइंट के फील्डर ने तेजी से गेंद को उठाकर कीपर की ओर फेंका और मयंक रन आउट हुए।