राम जन्मभूमि में परिसर में मंदिर निर्माण का कार्य प्रगति पर है। नींव पर मंदिर के फर्श को तैयार किया जा रहा है। इसके लिए देशभर के बड़े-बड़े इंजीनियर और कंस्ट्रक्शन कंपनियां लगी हुई है। अब तक 30 फीसदी निर्माण कार्य पूरा होने का दावा किया गया है।
अयोध्या में चल रहे बजरंग दल के पांच दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग में शामिल होने आए विश्व हिंदू परिषद के महामंत्री मिलिंद परांडे ने दावा किया है कि मंदिर निर्माण का कार्य प्रगति पर है। अब तक 30 फीसदी कार्य हो चुका है। उन्होंने कहा कि अभी नींव से ऊपर का निर्माण कार्य चल रहा है। क्योंकि नींव का कार्य ही प्रमुख कार्य था। इसलिए 30 फीसदी कार्य को पूरा माना जा रहा है। वर्तमान में प्लिंथ का कार्य चल रहा है। दिसंबर 2023 तक भगवान राम गर्भगृह में विराजमान हो जाएंगे।
