नए वित्तीय वर्ष 2022-23 की शुरुआत शुक्रवार से हो गई है। इसी के तहत बारां स्थित कृषि उपज मंडी में व्यापारियों ने नए वित्तिय वर्ष की शुरुआत की। गणेशजी की विशेष पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद शुभ मुहूर्त में धनिए की बोली के साथ कृषि जिंसों की नीलामी का श्रीगणेश किया गया।
मंडी के वर्ग व्यापार संघ अध्यक्ष मनीष लश्करी ने बताया कि नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत के अवसर पर मंडी के शिव गणेश मंदिर में पूजा की गई। इसके बाद शुभ मुहूर्त में जिंसों की नीलामी शुरू की गई। सबसे पहले धनिए के लिए बोली शुरू की गई। सबसे पहली बोली में चरेहल निवासी किसान महावीर नागर से देवकीनंदन एंड संस की आढ़त पर तुषार ट्रेड सिंडिकेट ने धनिए की खरीद की गई। इस दौरान किसान को धनिए का भाव 12 हजार 1 रुपए प्रति क्विंटल मिला है। नीलामी के जिंसों के अच्छे भाव मिलने से किसान खुश नजर आए।
अध्यक्ष लश्करी ने बताया कि मंडी में गेहूं, सरसों, चना आदि जिंसों की बम्पर आवक हो रही है। शुक्रवार को मंडी में करीब 70 हजार कट्टे गेंहू, 30 हजार कट्टे सरसों, 15 हजार कट्टे चना सहित विभिन्न जिंसों की आवक हुई।
