नया वित्त वर्ष किसानों के लिए अच्छी खबर लेकर आया है। मौजूदा रबी फसल के सीजन की पांचों प्रमुख फसलें एमएसपी से ऊपर बिक रही हैं। राजस्थान के लिए अहम माने जाने वाली फसल जौ के दाम इस साल रिकॉर्ड तोड़ रहे हैं। जौ के बाजार भाव इस समय 3000 से 3200 रुपए क्विंटल के आस-पास चल रहे हैं जो कि एमएसपी से करीब दोगुने हैं। जौ (बारले) की एमएसपी इस समय 1635 रुपए प्रति क्विंटल है। जौ का बाजार भाव इसके पहले कभी इतना अधिक नहीं रहा है।
जौ राजस्थान की प्रमुख फसल के बावजूद राज्य सरकार कभी एमएसपी पर भी इसकी खरीद नहीं करती है, क्योंकि इसको राशन की दुकानों पर वितरित नहीं किया जाता। इस कारण किसान इसको हमेशा 1300 रुपए क्विंटल या इससे भी कम दाम पर ही बेचते आए हैं।
राजस्थान खाद्य पदार्थ संघ के अध्यक्ष बाबू लाल गुप्ता के अनुसार दामों में उछाल की वजह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बीयर और शराब बनाने वाली कंपनियों द्वारा जौ की खरीद है। जौ के दामों में उछाल घरेलू डिमांड की वजह से नहीं है। यूक्रेन और रूस के बीच युद्ध से शराब निर्माता रूस पर प्रतिबंध के कारण वहां से जौ नहीं खरीद रहे हैं। उकी मांग के अनुरूप आपूर्ति न होने से भाव बढ़ गए हैं।
किसानों के लिए खुशी के बात ये भी है कि फिलहाल रबी की सभी प्रमुख उपजों (के दाम एमएसपी से ऊपर चल रहे हैं। सिर्फ कुसुम के दाम एमएसपी से नीचे हैं। सरसों, चना, गेहूं और जौ एमएसपी से काफी ऊपर बिक रहे हैं। फिलहाल इन उपजों के दामों में गिरावट के कोई आसार नहीं हैं।
