देश में कोरोना के नए वैरिएंट एक्स-ई ने एंट्री कर ली है। मुंबई में इसका पहला मामला सामने आया है। इस वैरिएंट की चपेट में एक महिला आई हैं, जिनकी उम्र 50 वर्ष वर्ष है। हैरानी की बात है कि महिला के कोरोना के दोनों टीके लग चुके थे, इसके बाद भी वह संक्रमित हो गईं। महिला एसिमटोमैटिक हैं, उनमें कोरोना के कोई लक्षण नहीं पाए गए। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) की हालिया सीरो सर्वे रिपोर्ट में इस बात की जानकारी सामने आई है।
महिला 10 फरवरी को दक्षिण अफ्रीका से लौटी थी। इसके अलावा उसकी कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है। देश में वापसी के दौरान भी उसकी रिपोर्ट निगेटिव आई थी। नए वेरिएंट से ग्रस्त मरीजों पर कोई गंभीर लक्षण नजर नहीं आ रहे हैं।
कोरोना वायरस का नया म्यूटेंट एक्स-ई के रूप में जाना जाता है। इसे कई रिपोर्टों में ओमिक्रॉन के सब-वेरिएंट बीए.2 की तुलना में अधिक तेजी से फैलने वाला बताया गया है। इस बीच, टाटा इंस्टीट्यूट फॉर जेनेटिक्स एंड सोसाइटी ने कोविड-19 के नए म्यूटेंट को लेकर देश के नागरिकों से नहीं घबराने का आग्रह किया है। संस्थान ने नए वेरिएंट एक्स-ई के विकास पर बारीकी से नजर रखने को भी कहा है।

