
करौली में दंगा पीड़ितों से मिलने जा रही भाजपा की न्याय यात्रा वहां पहुंचने से पहले ही रोक दी गई। इसके बाद दौसा-करौली बॉर्डर पर जमकर बवाल हो गया। पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई। भाजपा नेता नहीं माने तो पुलिस ने भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया और सांसद मनोज राजौरिया को हिरासत में ले लिया।
सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे सूर्या को करौली जिले की सीमा पर पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर रोक दिया। करौली में जाने पर अड़े सूर्या व अन्य नेता वही ही धरने पर बैठ गए। पुलिस की समझाइश के बाद भी जब वे नहीं उठे तो पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।
बुधवार सुबह जयपुर से रवाना हुए भाजयुमो राष्ट्रीय अध्यक्ष व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पूनिया के काफिले को गंगापुरसिटी रोड पर जाने से रोकने के लिए दौसा जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र में भी नाकाबंदी की गई, लेकिन काफिला जयपुर आगरा हाईवे से सीधे महुआ के लिए रवाना हो गया था। भाजपा करौली दंगा पीड़ितों के लिए न्याय यात्रा निकाली रही थी। एहतियात के तौर पर दौसा, भरतपुर और करौली जिले के एसपी सहित 700 से ज्यादा पुलिस जवान तैनात किए गए थे।
दौसा-करौली बॉर्डर पर तेजस्वी सूर्या को रोकने पर वे बोले कि करौली में पूरी तरह हिंसक हालात बने हुए हैं, वहां हिंदू समाज के साथ अन्याय हुआ है। उन्होंने कहा कि हमने प्रण लिया है या तो करौली जाएंगे या जेल जाएंगे। इससे पहले तेजस्वी सूर्या ने जयपुर में कहा कि राजस्थान में कानून व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ चुकी है। संवैधानिक तरीके से कानून व्यवस्था बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है। इसमें गहलोत सरकार पूरी तरह नाकाम हो चुकी है। गैर कानूनी तरीके से तुष्टीकरण की राजनीति की जा रही है। इसके खिलाफ और हिन्दू समाज को करौली में विश्वास दिलाने के लिए पूरे प्रदेश से भाजपा युवा मोर्चा कार्यकर्ता करौली जा रहे हैं। साथ में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया आज के कार्यक्रम का नेतृत्व भी करेंगे।
करौली रवाना होने से पहले जयपुर में पूनिया, तेजस्वी सूर्या और राजस्थान बीजेपी युवा मोर्चा अध्यक्ष हिमांशु शर्मा एसएमएस हॉस्पिटल पहुंचकर हिंसा में घायल हुए मरीजों से मिले। साथ ही धौलपुर में कांग्रेस विधायक गिर्राज सिंह मलिंगा की ओर से कथित रूप से पीटे गए बिजली विभाग के एईएन हर्षादिपति से भी मुलाकात की। इसके बाद तीनों नेता बीजेपी युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं के साथ करौली के लिए जयपुर से रवाना हुए।