देश में एक बार फिर से कोरोना के मामले बढ़ने लगे हैं। देश में रविवार को कोरोना के 2,183 केस दर्ज हुए। यह शनिवार के मुकाबले 89.8 फीसदी की बढ़ोतरी है। शनिवार को 1,150 केस मिले थे। कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा भी बढ़ गया है। रविवार को 214 लोगों की मौत रिकॉर्ड की गईं। इसमें 213 मौतें केरल में दर्ज हुई है, जिसमें 212 बैकलॉग डेटा की हैं। एक मौत उत्तर प्रदेश में दर्ज की गई। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए यूपी में लखनऊ, गाजियाबाद समेत 7 जिलों में सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया गया है।
जनवरी में आई तीसरी लहर के बाद लगातार 11 हफ्तों से मामलों में गिरावट हो रही थी, लेकिन बीते 7 दिनों (11 से 17 अप्रैल) में कोरोना मामलों में 35 फीसदी का इजाफा हुआ है। हालांकि यह बढ़ोतरी सिर्फ दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में दर्ज की जा रही है।
रविवार को खत्म हुए हफ्ते में देश में करीब 6,610 कोरोना केस दर्ज हुए। इससे पिछले हफ्ते में देश में 4,900 केस मिले थे। कोरोना से होने वाली मौतों में लगातार कमी दर्ज की जा रही है। पिछले हफ्ते सिर्फ 27 लोगों की कोरोना संक्रमण से जान गई। यह 23 से 29 मार्च, 2020 के हफ्ते के बाद किसी हफ्ते में सबसे कम मौतें हैं। इससे पिछले हफ्ते 54 मौतें दर्ज की गई थीं।
पिछले हफ्ते दिल्ली में सबसे ज्यादा 2,307 केस मिले। हरियाणा में एक हफ्ते में केस 514 से 118 फीसदी बढ़कर 1,119 हो गए। उत्तर प्रदेश में बीते हफ्ते 540 केस मिले थे, वहीं, इस हफ्ते 141 फीसदी ज्यादा केस मिले। उत्तर प्रदेश सरकार ने 7 जिलों में सार्वजनिक स्थानों पर फेस मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया है। इसमें गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ, बुलंदशहर, बागपत और लखनऊ जिले शामिल हैं।
