
अलवर के पूर्व कलेक्टर आईएएस नन्नूमल पहाड़िया को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो(एसीबी) ने 5 लाख रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। पहाड़ियां के साथ ही एसीबी ने एक आरएएस अधिकारी अशोक सांखला और दलाल नीतिन को भी गिरफ्तार किया है। नन्नूमल तीन दिन पहले ही अलवर कलेक्टर के पद से रिलीव हुए थे।
एसीबी डीजी बीएल सोनी ने बताया कि कुछ दिनों पहले एक परिवादी ने शिकायत दर्ज की थी। इसमें बताया था कि उसकी कंस्ट्रक्शन कंपनी की ओर से निर्माण कार्य किया जा रहा है। इसके लिए काम में कोई परेशानी नहीं हो, इसके लिए 4 महीने के 16 लाख रुपए की रिश्वत मांगी गई थी। इस पर एडीजी दिनेश एम.एन. के निर्देश में एएसपी विजय सिंह और डिप्टी महेद्र कुमार के नेतृत्व में टीम बनाई गई। उन्होंने बताया कि मंथली देने के लिए उक्त तीनों दबाव बना रहे थे। आरएएस सांखला(सैटलमेंट व रेवेन्यू अधिकारी) को 5 लाख रुपए की रिश्वत दी गई। यह राशि दलाल नीतिन को दी गई थी। इस पर टीम ने कार्रवाई करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।
नन्नूमल पहाड़िया तीन दिन पहले ही रिलीव हुए थे। दलाल सुबह जब रुपए लेकर अशोक सांखला के पास पहुंचा तो रुपए नीतिन को दे दिए गए थे। एसीबी अधिकारियों ने बताया कि यह रुपए कलेक्टर को जाने थे। एसीबी ने कलेक्टर आवास से नन्नूमल पहाड़िया को गिरफ्तार किया। वहीं जयपुर के महेश नगर स्थित मकान में सर्च कार्रवाई भी शुरू की। उनका महेश नगर में मकान है।