अजमेर में शुक्रवार को आनासागर झील में 2 हजार की नोटों की गड्डियां तैरती हुई दिखीं। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। गोताखोरों की मदद से झील से नोटों की 54 गड्डियां बाहर निकाली गईं। पुलिस का कहना है कि ये गड्डियां नकलीं लग रही हैं, जो कुल 1.08 करोड़ की है। हालांकि, गीली होने के कारण कुछ साफ नहीं हो पाया।
सभी नोटों पर रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया लिखा था, जो हूबहू 2 हजार के असली नोट की तरह नजर आ रहे थे। सभी नोटों की गड्डियां प्लास्टिक की थैलियों में मिलीं हैं। घटना पुष्कर रोड स्थित सेंचुरी पब्लिक स्कूल के पास की है। एएसआई बलदेव सिंह ने बताया कि आनासागर झील में 3 थैलियों में 2 हजार के नोट मिलने की सूचना थाने पर दी गई। मौके पर पहुंचे और आनासागर झील में पड़े नोटों को जब्त किया। उन्होंने बताया कि झील से मिले नोट नकली हो सकते हैं। उस पर भारतीय रिजर्व बैंक भी लिखा है। पानी में होने के चलते गल गए।
पुलिस के अनुसार इस संबंध में भारतीय रिजर्व बैंक व अन्य बैंकों से जानकारी लेने के बाद इस मामले में जांच की जाएगी। इसके साथ ही इन नोटों को आनासागर झील में किसने फेंका है, इसे लेकर भी पुलिस जानकारी जुटा रही है। ताकि स्थिति स्पष्ट हो सके कि यह नोट आनासागर में कहां से आए। फिलहाल पुलिस ने नोटों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
जून 2021 में भी आनासागर झील में रामप्रसाद घाट के नजदीक 200-500 के असली नोट तैरते हुए मिले थे। नोटों की सूचना पर लोगों का जमावड़ा लग गया और गोताखोर भी झील में कूद गए। सूचना पर गंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और झील में तैरते मिले नोटों को जब्त किया। जांच में सामने आया था कि किसी जायरीन के झील में गिरे पर्स से यह नोट निकले थे।
