
मंगल ग्रह पर अजीबो-गरीब चीजों की खोज के बीच अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी–नासा के क्यूरियोसिटी रोवर ने पत्थर में एक चौकोर रास्ता देखा है। ऐसे लगता है कि पत्थर को काटकर उसके अंदर रास्ता बनाया गया है। दरवाजे के अंदर क्या है, ये तो फिलहाल पता नहीं चला, लेकिन इसे देखकर लगता है कि इसके अंदर कोई जीव रहता है। नासा की यह तस्वीर काफी हैरान करने वाली है।
7 मई 2022 को मार्स क्यूरियोसिटी रोवर के मास्टकैम ने यह तस्वीर ली थी।तस्वीर ब्लैक एंड व्हाइट मिली, जिसे बाद में नासा के वैज्ञानिकों ने रंग दिया। शुरुआत में तो नासा के वैज्ञानिकों ने बताया कि पहले तो उन्हें यही लगा कि मंगल ग्रह के केंद्र में जाने का रास्ता मिल गया। या फिर ये किसी छोटे एलियन के घर का दरवाजा या सुरंग है।
यह दरवाजा जिस जगह पर मिला है, उसे ग्रीनह्यू पेडिमेंट कहते हैं। नासा ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में मंगल ग्रह पर मौजूद लैंडर्स और रोवर्स ने बेहद विचित्र तस्वारें लीं हैं। इन तस्वीरों में बर्फ से भरे गड्ढे, अलग-अलग आकार के पत्थर, खाली पड़े पहाड़ समेत बहुत कुछ है। आमतौर पर लोग इस तरह की खोज को एलियन से जोड़ देते हैं। हालांकि नासा ने कहा है कि हमें इस तरह की कहानियों से दूर रहना चाहिए। जब तक किसी भी चीज की जांच नहीं हो जाती, उसके बारे में किसी तरह की अफवाह उड़ाना सही नहीं है।
पिछले साल चीन के यूतू-2 रोवर को चांद पर एक चौकोर क्यूब के आकार की आकृति दिखी थी, जिसे एलियन की झोपड़ी कहा जा रहा था। जांच के बाद पता चला कि वो मात्र एक पत्थर था। रोशनी की वजह से उसका क्यूब जैसा आकार झोपड़ी की तरह लग रहा था। इसलिए हो सकता है कि मंगल ग्रह पर मिला यह एलियन झोपड़ी का दरवाजा भी जांच के बाद कुछ और ही निकले।