
राममंदिर निर्माण का काम तेजी से चल रहा है। मंदिर का प्लिंथ बनाने का काम अंतिम चरण में है। एक जून से गर्भगृह का निर्माण भी शुरू हो जाएगा। यह राम भक्तों के लिए बड़ा दिन होगा। इस दिन रामलला के गर्भगृह का निर्माण शुरू होगा, जिसमें यूपी के सीएम मौजूद रहेंगे। यह कार्य सुबह 9 बजे से वैदिक ब्राह्मणों द्वारा विशेष पूजन अर्चन से प्रारंभ होगा। दो घंटे के पूजा के बाद अभिजीत मुहूर्त में योगी आदित्यनाथ राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के ट्रस्टियों और साधु संत की मौजूदगी में गर्भगृह का पत्थर रखेंगे।
चबूतरे को तैयार किये जाने के साथ ही तराशे गए पत्थरों से मंदिर का निर्माण का प्रारंभ होगा। पहले गर्भगृह स्थल पर वैदिक आचार्य पत्थर की पूजा करेंगे, फिर सीएम योगी आदित्यनाथ इस कार्य का शुभारंभ करेंगे। श्रीरामलला के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास के अनुसार यह दिन बहुत शुभ है। इस दिन ज्येष्ठ शुक्ल पक्ष द्वितीया तिथि को मृगशिरा नक्षत्र के साथ कई वर्षों के बाद दुर्लभ संधि व सर्वधसिद्ध योग बन रहा है। इस दिन होने वाले सभी दुर्लभ कार्य पूर्ण हो जाते हैं। इसलिए इस दिन को चुना गया है।
राम जन्मभूमि परिसर में मंदिर निर्माण को लेकर अभी चबूतरा यानी प्लिंथ को बनाने का काम चल रहा है। लगभग 21 फुट ऊंचा चबूतरा ग्रेनाइट पत्थरों से तैयार होगा। जिसमे 17000 पत्थर लगाए जाएंगे। अब तक 5000 पत्थर लगाए जा चुके हैं। चबूतरे को सितंबर माह तक तैयार कर लिया जाएगा। गर्भगृह स्थल के आसपास के क्षेत्रों में 30 मई तक 21 फुट ऊंचे प्लिंथ के पत्थरों को लगाए जाने कार्य पूरा कर लिया जाएगा। रामजन्म भूमि तीर्थ ट्रस्ट के सचिव चंपत राय ने बताया किअयोध्या में इस समय 25 हजार करोड़ की परियोजनाएं चल रही हैं। सरयू नदी पर रिवरफ्रंट, श्रीराम इंटरनेशनल एयरपोर्ट, राजा दशरथ मेडिकल कॉलेज, अयोध्या धाम बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन सभी का निर्माण अंतिम चरण में है। रामभक्तों के लिए त्रेतायुग वाली भव्य अयोध्या का निर्माण हो रहा है। राम कथा संग्रहालय में दुनियाभर की भगवान राम से जुड़ी वस्तुएं रखी जा रही हैं।