
बॉलीवुड सिंगर मीका सिंह जोधपुर में इन दिनों अपनी दुल्हन ढूंढ रहे हैं। इसके लिए ‘द उम्मेद’ होटल को भी दुल्हन की तरह सजाया गया है। असल में,इन दिनों जोधपुर में रियलिटी शो स्वयंवर – ‘मीका दी वोटी’ की शूटिंग चल रही है। मीका से शादी करने वाली दुल्हनें भी उम्मेद होटल में ठहरी हुई हैं।
होटल में शो को शूट करने के लिए सेट तैयार किया गया है। मीका सिंह होटल के रेस्टोरेंट में दुल्हन कंटेस्टेंट्स के साथ कॉफी टेबल पर बात करते हुए नजर आए। ‘मीका दी वोटी’ की शूटिंग 7 जून तक चलेगी। मीका सिंह का यह शो स्टार भारत पर 19 जून तक चलेगा। इस शो के लिए दलेर मेंहदी, शान, कपिल शर्मा, रविना टंडन आदि सेलेब्स जोधपुर आए हैं।
इस शो के लिए मीका सिंह का वेडिंग सॉन्ग ऑफ द ईयर भी रिलीज हो गया है। इस गाने में दर्शकों को कश्मीर से कन्या कुमारी तक दुल्हनों की सुंदरता देखने का मौका एक ही गाने में मिला है। देशभर से 12 दुल्हन इस शो में हिस्सा लेने के लिए पहुंची हैं।
मीका के स्वयंवर में भाग ले रहीं दुल्हनों में से अब तक एक को कंगन पहनाया जा चुका है। सूत्रों के अनुसार मीका के बड़े भाई दिलेर मेंहदी व कपिल शर्मा ने जिसे कंगन पहनाया है, वह फाइनलिस्ट के तौर पर सिलेक्ट हुई हैं। अब दूसरे ग्रुप की 12 पार्टिसिपेट में से एक और को सिलेक्ट किया जाएगा। बताया जा रहा है कि 27 मई को सेकेंड रनर अप सिलेक्ट होगी। इन दो फाइनलिस्ट में से एक मीका की लाइफ पार्टनर बनेंगी।
शो के बारे में चल रही चर्चाओं के अनुसार इस टेलीविजन स्वयंवर के अंत में मीका सिंह शो में शादी करते नहीं दिखेंगे। शो के फिनाले में विजेता युवती के साथ मीका सिंह की बस सगाई दिखाई जाएगी। इसके बाद मीका सिंह इस विजेता के साथ अपने रिश्ते को आगे बढ़ाएंगे और बात शादी तक पहुंची तो इसे अंजाम देंगे।