अयोध्या में राममंदिर के गर्भगृह का शिलान्यास आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। सीएम योगी ने गर्भगृह के शिला पूजन बाद मंत्रोच्चरण के साथ आधारशिला रखी। इस मौके पर उन्होंने कहा कि राम मंदिर भारत का राष्ट्रीय मंदिर होगा। लोग इस दिन का लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं। रामलला की जन्मस्थली पर बनने वाले गर्भगृह का आकार 20 फीट चौड़ा और 20 फीट लंबा होगा।
मुख्यमंत्री योगी ने शिलान्यास के बाद कहा कि अयोध्या में दो साल पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसका शुभारंभ किया। इसके बाद ही हमें गर्भगृह के शिला पूजन का शौभाग्य मिला। अब जल्द ही भगवान राम का भव्य मंदिर बनकर तैयार होगा। सीएम ने बताया कि मंदिर निर्माण के लिए गोरक्षपीठ की तीन पीढ़ियां लगी थीं। इस मौके पर यूपी के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, देश के सर्वोच्च न्यायालय के फैसले के बाद राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण हुआ शुरू है। पहले चरण का काम राम जन्मभूमि परिसर में पूरा हो गया है। आज दूसरे चरण का काम शुरू हुआ है।
इस बीच रामजन्मभूमि परिसर में जारी सर्वदेव अनुष्ठान के क्रम में मंगलवार को रामार्चा पूजन का आयोजन हुआ। 40 वैदिक आचार्यों ने विधिविधान से अनुष्ठान किया।
