एक्टर सलमान खान और उनके पिता सलीम खान को जान से मारने की धमकी मिलने के बाद उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। महाराष्ट्र गृह विभाग ने धमकी मिलने के बाद कार्रवीई लिया है। मुंबई क्राइम ब्रांच की एक टीम सोमवार को सलमान के घर ‘गैलेक्सी अपार्टमेंट’ पहुंची।
एक दिन पहले 5 जून को सलमान और सलीम खान को धमकी भरा खत मिला था। इस मामले में बांद्रा पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। बांद्रा के बैंडस्टैंड प्रोमेनेड में सलीम खान के गार्ड को यह खत उस जगह मिला था, जहां सलीम मॉर्निंग वॉक के बाद जाकर बैठते हैं। खत में सलमान और सलीम खान को धमकी दी गई कि उनका हाल सिद्धू मूसेवाला जैसा कर दिया जाएगा। इस खत में जी.बी और एल.बी भी लिखा है, जिससे पुलिस यह मान रही है कि सलमान को यह धमकी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ही दी है।
पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद मुंबई पुलिस ने पिछले दिनों सलमान खान की सुरक्षा बढ़ा दी थी। मूसेवाला की हत्या में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का नाम आया था। उसने 2008 में भी सलमान को जान से मारने की धमकी दी थी। इसी के मद्देनजर मुंबई पुलिस ने सलमान की सुरक्षा बढ़ाने का फैसला किया था।
अब सलमान के साथ उनके प्राइवेट सिक्योरिटी गार्ड तो रहेंगे ही, साथ में मुंबई पुलिस के कुछ सिपाही भी रहेंगे। मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, हमने सलमान खान की सुरक्षा बढ़ाई है। पुलिस यह सुनिश्चित करने के लिए उनके अपार्टमेंट के आसपास मौजूद रहेगी कि कोई भी गिरोह किसी तरह की हरकत न करे।
लॉरेंस बिश्नोई ने कथित तौर पर काले हिरण का शिकार मामले में सलमान खान की हत्या की साजिश रची थी। बिश्नोई समुदाय काले हिरण को पवित्र मानता है, इसलिए इसका शिकार करने के आरोपी सलमान खान को लॉरेंस ने जान से मारने की धमकी दी थी।
साल 2008 में अदालत के बाहर लॉरेंस बिश्नोई ने कहा था कि वह जोधपुर में सलमान खान को मार देगा। उसने यह भी कहा था, अभी तो मैंने कुछ किया नहीं है, लेकिन जब सलमान खान को मारेंगे तो पता चल जाएगा। फिलहाल मुझे फालतू में घसीटा जा रहा है।

