पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ नूपुर शर्मा की विवादित टिप्पणी का विरोध थम नहीं रहा है। आज शुक्रवार को जुमा की नमाज के बाद देश के कई शहरों में नूपुर शर्मा के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हुए। दिल्ली की जामा मस्जिद से लेकर प्रयागराज और कोलकाता तक बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए और नूपुर शर्मा और नवीन जिंदल की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। इस दौरान हिंसक झडपें भी हुई। रांची में आगजनी, तोड़फोड़ के बाद कर्फ्यू लगा दिया गया। हावड़ा में प्रदर्शनकारियों ने सड़क और रेल मार्ग जाम कर दिए। प्रयागराज में पथराव के बीच पीएसी की गाड़ी फूंक दी गई। फिर भी ज्यादातर इलाकों में पुलिस ने हालात काबू में करने का दावा किया है।
जुमे की नमाज के बाद आज दिल्ली की जामा मस्जिद के बाहर भारी संख्या में लोगों ने पोस्टर और बैनर लेकर विरोध प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। बड़ी संख्या में पहुंचे प्रदर्शनकारियों को तितर-बीतर करने के लिए पुलिस को भी कड़ी मशक्कत करना पड़ी। वहीं यूपी की राजधानी लखनऊ के अलावा देवबंद, प्रयागराज, कानपुर और सहारनपुर में भी जमकर हंगामा हुआ। देवबंद में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है। प्रयागराज में नमाज के बाद भीड़ ने विरोध के दौरान जमकर पत्थरबाजी की गई। मुरादाबाद में उग्र भीड़ ने ‘नूपुर शर्मा को फांसी दो’ की तख्तियों-बैनर के साथ प्रदर्शन किया। सहारनपुर में जुमे की नमाज के बाद अल्लाह-हू-अकबर के नारे लगे। दहशत में आस-पास की दुकानों के शटर गिर गए। इसके बाद यहां पथराव किया गया है। इसके अलावा आगरा शहर में फ्लैग मार्च, कानपुर में धारा 144 लागू की गई है तो गाजियाबाद ड्रोन सर्विलांस पर था।
कोलकाता के हावड़ा में जुमे की नमाज के बाद प्रदर्शनकारियों का उग्र रूप देखने को मिला। यहां पुलिस पर प्रदर्शनकारियों ने जमकर पथराव किया। पुलिस पहले ही से अलर्ट थी, लिहाजा उसने लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले छोड़कर माहौल को कंट्रोल किया।
उल्लेखनीय है कि भाजपा से निलंबित प्रवक्ता नूपुर शर्मा ने पैगंबर मोहम्मद पर विवादित टिप्पणी की थी। इसके बाद विवाद काफी बढ़ गया। यहां तक कि अरब देशों ने भी नूपुर शर्मा की टिप्पणी की निंदा की थी। वहीं नूपुर शर्मा के मामले को देखते हुए दिल्ली पुलिस सख्त हो गई। दिल्ली पुलिस ने हाल ही में भड़काऊ टिप्पणी करने के मामले में नूपुर शर्मा, असदुद्दीन ओवैसी समेत 32 लोगों पर केस दर्ज किया था।
