मौसम विभाग (आईएमडी) ने मॉनसून को लेकर खुशखबरी दी है। विभाग ने जानकारी दी है कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून मध्य अरब सागर के कुछ और हिस्सों, पूर्व गोवा, कोंकण के कुछ हिस्सों और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ गया है। इससे कुछ राज्यों में अगले 5 दिनों तक बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार अगले 5 दिनों के तक पूर्वोत्तर भारत और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश की संभावना है। वहीं, बिहार और झारखंड में अगले दो दिनों तक बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने ट्वीट कर जानकारी दी है कि मॉनसून की एंट्री मुंबई में हो चुकी है। वहां कुछ हिस्सों में आज बारिश हुई है। मुंबई में मॉनसून की एंट्री के बाद अब दिल्ली में लोगों को बारिश का इंतजार है। मौसम विभाग के अनुसार मॉनसून ठीक गति से आगे बढ़ रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार मुंबई में 14 जून तक गरज के साथ बारिश होती जारी रहेगी। आज मुंबई में न्यूनतम तापमान 26 डिग्री और अधिकतम तापमान 34 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। जहां एक ओर कई राज्यों में बारिश का अनुमान है, वहीं अगले 2 दिनों तक उत्तर-पश्चिम, मध्य और इससे सटे पूर्वी भारत के अलग-अलग हिस्सों में हीट वेव की स्थिति बनी रहने की संभावना है।
