
राजस्थान के सभी सरकारी व निजी स्कूल 24 जून से शुरू हो जाएंगे, लेकिन नियमित कक्षाएं एक जुलाई से शुरू होंगी। टीचरों को 24 जून से स्कूल पहुंचना होगा। सभी स्कूल में दाखिले की अंतिम तिथि पंद्रह जुलाई तय की गई है। शिक्षा विभाग ने सेशन 2022-23 का कलेंडर जारी करते हुए इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं।
माध्यमिक शिक्षा निदेशक गौरव अग्रवाल की ओर से जारी वार्षिक कलेंडर के अनुसार नया सेशन 2022-2023 24 जून से आरम्भ होगा तथा सामान्य प्रवेश प्रक्रिया आरम्भ होंगी। प्रवेशोत्सव दो चरणों में चलाया जाएगा। प्रथम चरण 24 जून से प्रारम्भ होगा। पढ़ाने के लिए कक्षाएं 1 जुलाई 2022 से होगी। प्रवेश की अंतिम तिथि 15 जुलाई अथवा परीक्षा परिणाम घोषित होने के 10 दिन बाद तक रहेगी। वहीं व्यावसायिक शिक्षा संचालित विद्यालयों में योजना का प्रचार प्रसार एवं नवीन विद्यार्थियों के लिए प्रवेश केलिए काउंसलिंग कार्य 21 से 30 जून तक किया जाएगा।
अहम फैसले— स्कूलों में मिड सेशन छुटि्टयां 19 से 31 अक्टूबर 2022 तक होगी, जबकि सर्दी की छुट्टियां 25 दिसम्बर, 2022 से 5 जनवरी 2023 तक होगी। ग्रीष्मावकाश 17 मई, 2023 से 23 जून, 2023 तक रहेगा। वार्षिक परीक्षा / बोर्ड परीक्षा में अंतिम परीक्षा के बाद विद्यार्थियों को आगामी कक्षा में अस्थाई प्रवेश दिया जाएगा। आगामी नवीन सत्र 01 मई 2023 से प्रारम्भ होगा तथा 16 मई, 2023 तक प्रवेशोत्सव के प्रथम चरण का आयोजन होगा। केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा देशभर के लिए रेडियो / दूरदर्शन / समाचार पत्रों में / लिखित आदेश द्वारा घोषित अवकाश विद्यालयों में भी मान्य होंगे। सत्रारम्भ एवं सत्रान्त की संस्था प्रधान वाकपीठ का आयोजन शिविरा पंचांग में निर्धारित अवधि में ही करवाया जाना आवश्यक होगा।
एकल पारी स्कूल–गर्मी में एक अप्रैल से तीस सितम्बर तक सुबह साढ़े सात बजे से दोपहर एक बजे तक स्कूल खुलेंगे। कुल साढ़े पांच घंटे स्कूल चलेंगे और 35 मिनट का एक पीरियड होगा। सर्दियों में एक अक्टूबर से 31 मार्च तक सुबह दस बजे से चार बजे तक स्कूल खुलेंगे। कुल् छह घंटे पढ़ाई होगी। एक से छह तक पीरियड चालीस मिनट का होगा, जबकि सातवां व आठवां पीरियड 35 मिनट होगा।
दो पारी स्कूल–एक अप्रेल से तीस सितम्बर तक सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक स्कूल खुलेंगे। प्रत्येक पारी साढ़े पांच घंटे की होगी। एक अक्टूबर से 31 मार्च तक सुबह साढ़े सात बजे से साढ़े पांच बजे तक स्कूल लगेंगे। प्रत्येक पारी पांच घंटे की होगी।
परीक्षाएं—सेशन 2021-22 की पूरक परीक्षा एक से छह जुलाई के बीच होगी। 22 अगस्त से 24 अगस्त 22 तक पहले टेस्ट होंगे। 10 अक्टूबर से 12 अक्टूबर के बीच दूसरे टेस्ट होंगे। 10 दिसम्बर से 23 दिसम्बर तक अर्द्धवार्षिक परीक्षा होगी। 20 फरवरी से 22 फरवरी तक तीसरा टेस्ट होंगे। 6 अप्रैल से 25 अप्रैल के बीच वार्षिक परीक्षा होगी। (ये तिथियां स्कूली कक्षा परीक्षाओं की है। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अजमेर की तिथिय़ां अलग से तय होंगी।)