
लोगों को आज महंगाई का एक और झटका लगा। तेल-गैस कंपनियों ने रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में 50 रुपए की बढ़ोतरी कर दी। वहीं, कमर्शियल सिलेंडर के दाम में 8.50 रुपए की कटौती की गई है। अब कमर्शियल गैस सिलेंडर 2038 रुपए में उपलब्ध होगा।
कंपनियों के इस फैसले के बाद आज से घरेलू उपयोग का 14.2 किग्रा का गैस सिलेंडर 1056.50 रुपए में मिलने लगा है। करीब 6 महीने के भीतर घरेलू रसोई गैस की कीमत में ये तीसरी बार बढ़ोतरी हुई है। इसके साथ ही घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों ने नया रिकॉर्ड बना दिया है।
इससे पहले मई में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में इजाफा किया था। 7 मई को 50 रुपए और 19 मई को 3 रुपए प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की थी। इसके बाद आज फिर 50 रुपए बढ़ाए हैं। इस तरह 2 महीने में घरेलू उपयोग का सिलेण्डर 103 रुपए तक महंगा हो गया है।
तेल व गैस कंपनियों ने कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत 8.50 रुपए प्रति सिलेंडर कम कर दी। इस कमी के बाद आज से जयपुर कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत 2046.50 रुपए के बजाए 2038 रुपए में सिलेंडर मिलेगा। कॉमर्शियल गैस सिलेण्डर की कीमतों में 5 दिन में दूसरी बार कमी की गई है।