
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने लंबे इंतजार के बाद आज 10वीं और 12वीं दोनों परीक्षाओं के नतीजे कुछ देर के अंतराल में जारी दिए। 12वीं की परीक्षा में 92.71 फीसद छात्र पास हुए हैं, जबकि 10वीं में 94 फीसदी छात्र पास हुए हैं। दोनों परीक्षाओं में लड़कों से आगे लड़कियां रहीं। 12वीं में लड़कों के मुकाबले लड़कियों का रिजल्ट 3.29 फीसदी ज्यादा रहा। वहीं, 10वीं के नतीजों में लड़कियां 1.41 फीसदी से आगे रहीं। छात्र अपने रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट cbseresults.nic.in पर देख सकते हैं।
इस साल 10 वीं परीक्षा में 21,09,208 छात्रों ने शामिल होने के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था। इसमें से 20,93,978 छात्र परिक्षा में शामिल हुए, जिनमें से 19,76,668 छात्र पास हुए हैं। पास होने वाले छात्रो का प्रतिशत 94.40 है। इस परीक्षा में एक बार फिर लड़कियों ने परचम लहराया है। उनका पास प्रतिशत 95.21 रहा है, जबकि लड़कों का पास प्रतिशत 93.80 है। 10वीं की परीक्षा में सफल नहीं होने वाले छात्रों के पास पूरक परीक्षा में शामिल होने का विकल्प खुला हुआ है। इसके लिए अलग से पूरा ब्यौरा जारी किया जाएगा।
12वीं की परीक्षा में 92.71फीसदी छात्र पास हुए हैं। लड़कों के मुकाबले लड़कियों का रिजल्ट 3.29 फीसदी ज्यादा रहा। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर की रहने वाली तान्या सिंह ने 12वीं की परीक्षा में 500 में से 500 अंक हासिल किए हैं। तान्या सिंह, शहर के दिल्ली पब्लिक स्कूल की छात्रा हैं। रिजल्ट आने के बाद तान्या के घर और स्कूल में जश्न का माहौल है।
10वीं और 12वीं की टर्म-2 परीक्षा करीब 35 लाख छात्रों ने दी है। इसमें 10वीं के 2116290 और 12वीं के 1454370 छात्र शामिल हैं। परीक्षा देश के विभिन्न स्थानों पर निर्धारित हजारों केंद्रों पर 26 अप्रैल, 2022 से लेकर 15 जून, 2022 तक आयोजित की गई थी। सीबीएसई कक्षा 10 और कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षा में पासिंग मार्क्स 33 फीसदी हैं। उन विषयों में जिनमें प्रैक्टिकल और थ्योरी दोनों हैं, दोनों में कम से कम 33 फीसदी मार्क्स हासिल करना जरूरी था।