
राजस्थान में जानलेवा हुई बारिश ने एक पूरे परिवार को खत्म कर दिया है। बीकानेर के खाजूवाला इलाके में बुधवार रात को हुई मूसलाधार बारिश से एक कच्चा मकान ढह गया। इसमें दबने से दंपति और उनके इकलौते बेटे की मौत हो गई। हादसा बुधवार देर रात को खेत में बनी ढाणी में हुआ। आसपास कोई मकान नहीं होने से हादसे के शिकार तीनों लोग पूरी रात मलबे में दबे रहे। गुरुवार सुबह लोगों को घटना का पता चला। उन्होंने पुलिस-प्रशासन को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को उठवाकर स्थानीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।
पुलिस के अनुसार हादसा बीकानेर जिले के खाजूवाला इलाके में दंतोर के चक 25 बीएलडी में हुआ। वहां एक मकान गिरने से दंपति और उनके बेटे की मौत को गई। दंतोर क्षेत्र में बुधवार रात को 2 घंटे तक तेज बारिश हुई थी। मकान ढहने से महावीर कुम्हार (40), पत्नि सावित्री (38) और बेटा योगेश (13) की मलबे में दबने से मौके पर ही मौत हो गई। मृक महावीर का एक मुरब्बा (25 बीघा का खेत) था। वहीं पर वह अपनी पत्नी और बेटे के साथ ढाणी बनाकर रहता था। उसकी ढाणी के आसपास कोई घर नहीं है। लिहाजा रात को किसी को इस घटना की सूचना ही नहीं मिल पाई। गुरुवार को सुबह खेतों में काम करने आये किसानों ने जब महावीर का मकान गिरा हुआ देखा तो घटना का पता चला।
सूचना मिलने पर दंतोर थानाधिकारी हरपाल सिंह, खाजूवाला उपखंड अधिकरी शयोराम और तहसीलदार गिरधारी सिंह तथा पंचायत समिति प्रधान प्रतिनिधि धर्मपाल बिरड़ा घटनास्थल पर पहुंचे। महावीर के परिवार के बाकी लोग रायसिंह नगर में रहते हैं। पुलिस ने महावीर के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।