
राष्ट्रपत्नी बयान पर शुक्रवार को भी संसद के दोनों सदनों में भाजपा ने हंगामा किया। भाजपा सांसद कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से माफी की मांग पर अड़े रहे। इसके बाद दोनों सदन सोमवार तक के लिए स्थगित कर दिए गए। गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से अलग-अलग मुलाकात की।
संसद में हंगामे को लेकर निलंबित 27 सांसदों का धरना भी शुक्रवार को खत्म हो गया। ये बुधवार से गांधीजी की प्रतिमा के सामने बैठे थे। धरना खत्म होने पर संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा- सांसद प्रदर्शन के नाम पर पार्टी कर रहे थे। गांधीजी की प्रतिमा के नीचे बैठकर चिकन खाया जा रहा था।
राष्ट्रपति पर विवादित बयान पर मचे हंगामे के बीच केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने मंत्रिमंडल में अपने साथी डॉ. महेंद्र मुंजपारा और जॉन बारला के साथ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। स्मृति ने इसे सौहार्द भेंट बताया है। विवादित बयान देने वाले कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने भी गुरुवार को राष्ट्रपति से मिलने का समय मांगा था। सूत्रों के अनुसार अब तक उन्हें समय नहीं दिया गया है। अधीर ने कहा था- राष्ट्रपति से मिलकर माफी मांगूंगा, पाखंडियों से नहीं।
बुधवार से धरने पर बैठे सांसदों ने मच्छर को मुद्दा बनाकर सरकार को घेरने की कोशिश की। कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने ट्वीट किया- संसद परिसर में मच्छर हैं, लेकिन विपक्षी सांसद डरते नहीं हैं। संसद में भारतीयों का रक्त बचाइए। मच्छर से परेशान सांसदों ने क्वाइल जलाकर रात गुजारी थी, जबकि गुरुवार रात वे मच्छरदानी लगाकर सोए।
उल्लेखनीय है कि चर्चा की मांग को लेकर हंगामा कर रहे 27 सांसदों को सस्पेंड कर दिया गया है। इनमें राज्यसभा से 27 और लोकसभा से 4 सांसद हैं। राज्यसभा के सांसदों पर आरोप है कि उन्होंने पीठासीन उप सभापति के ऊपर कागज फेंके। संसदीय कार्यमंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा- माफी मांग लें तो उनका निलंबन खत्म हो सकता है।