
पंजाब सरकार के स्वास्थ मंत्री चेतन सिंह जौड़ामाजरा एक अस्पताल क औचक निरीक्षण के दौरान अव्यवस्था व गंदगी देख कर भड़क गए। मंत्री के एक साथी ने गद्दा उठाकर उसकी खराब हालत की ओर इशारा किया। इसके बाद मंत्री ने बाबा फरीद यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंस के वीसी डॉ. राज बहादुर को गंदे बिस्तर पर लेटने का आदेश दिया। वाइस चांसलर उस बिस्तर में लेटे, जो पूरी तरह से खराब था।
स्वास्थ मंत्री जौड़ामाजरा ने अस्पताल के स्टोर रूम को भी देखा। उन्होंने मरीजों से बात कर उनकी शिकायतें सुनी। इसके बाद पंजाब कांग्रेस नेता परगट सिंह ने ट्वीट कर मंत्री जौड़ामाजरा पर निशाना साधा। उन्होंने ट्वीट रिया कि आम आदमी पार्टी की सस्ती लोकप्रियता कभी खत्म नहीं होती है। बाबा फरीद मेडिकल यूनिवर्सिटी के कुलपति राज बहादुर सिंह को स्वास्थ्य मंत्री ने सार्वजनिक रूप से अपमानित किया। इस प्रकार का व्यवहार हमारे मेडिकल स्टाफ का मनोबल गिराएगा।
कांग्रेस नेता परगट सिंह ने एक औऱ ट्वीट में दावा किया कि मंत्री की फटकार के बाद वीसी डॉ. राज बहादुर ने अपमानित महसूस करते हुए इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवत मान से स्वास्थ मंत्री जौड़ामाजरा को तुरंत बर्खास्त करने की मांग की।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जौड़ामाजरा जब से स्वास्थ मंत्री बने हैं, तब से लगातार फील्ड में सक्रिय हैं। वह अभी तक कई अस्पतालों का औचक निरीक्षण कर चुके हैं। जौड़ामाजरा हाल ही में स्वास्थ मंत्री बने हैं। इनसे पहले डॉ विजय सिंगला पंजाब के स्वास्थ मंत्री थे, लेकिन उनके ऊपर भ्रष्टाचार का आरोप लगा, जिसके बाद मुख्यमंत्री ने उन्हें उनके पद से हटा दिया था।