अमेरिका के कैलिफोर्निया में तीन दिन पहले अगवा किए गए पंजाबी परिवार के सभी सदस्यों के शव बरामद हुए हैं। इनमें एक 8 महीने की बच्ची भी शामिल है। मर्स्ड काउंटी शेरिफ वर्न वार्नके ने भी इसकी पुष्टि की है। उन्होंने इस पूरी घटना को भयानक और डरावना बताया है। चारों की गोली मार कर हत्या की गई है।
अमेरिकी अधिकारियों ने बताया था कि चारों लोगों को बीते 3 अक्टूबर को दक्षिण हाईवे 59 के 800 ब्लॉक से अगवा कर लिया गया था। इस परिवार का अमेरिका में खुद का ट्रांसपोर्ट बिजनेस है। यह परिवार पंजाब के होशियारपुर जिले के टांडा के हरसी गांव का रहने वाला है। मर्स्ड काउंटी से सोमवार को 36 साल के जसदीप सिंह, उनकी पत्नी जसलीन कौर (27 साल) और बेटी आरोही (8 महीने) और 39 साल के भाई अमनदीप सिंह को अगवा किया गया था। कैलिफोर्निया पुलिस ने इस मामले में 48 साल के एक शख्स को हिरासत में लिया है। जानकारी के अनुसार आरोपी ने खुद को मारने की कोशिश भी की। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस को इस मामले में लीड जसदीप के एटीएम के इस्तेमाल से मिली थी। इससे पहले कैलिफोर्निया के फायर अधिकारियों ने बीते सोमवार को मेरेड के बाहर एक ग्रामीण इलाके में अमनदीप सिंह का आग लगा हुआ ट्रक बरामद किया था। पुलिस ने शक जाहिर किया है कि अपहरणकर्ता ने आग लगाकर सबूत खत्म करने की कोशिश की थी। मर्सिड काउंटी शेरिफ वर्न वार्नके ने कहा कि चारों के शव बुधवार शाम को इंडियाना रोड और हचिंसन रोड के पास एक पार्क मिले। पुलिस के अनुसार बाग में कुछ मजदूर काम कर रहे थे। इन्होंने सबसे पहले पुलिस को जानकारी दी। चारों को गोलियां मारी गईं।
पुलिस ने बताया कि आरोपी मैनुअल सालगाडो पहले सिंह के ऑफिस में काम करता था। वह पहले भी अपहरण के एक केस में सजा काट चुका है। हालांकि उसने ऐसा क्यों किया, इसका पता नहीं चल पाया है। पुलिस को शक है कि परिवार ने उसे नौकरी से निकाला था, शायद इसी रंजिश की वजह से उसने यह वारदात की है।
इधर, घटना की जानकारी होशियारपुर के गांव हरसी पहुंचने के बाद मातम का माहौल बना हुआ है। मां कृपाल कौर और अमनदीप सिंह का रो-रो कर बुरा हाल है। वे दोनों अमेरिका के लिए रवाना हो चुके है। कृपाल कौर के अनुसार उनके दो बेटे अमनदीप सिंह और जसदीप सिंह थे। लेकिन दोनों का ही अब कत्ल हो चुका है। उनसे उनके परिवार का सहारा छिन गया है।
