आज साल का आखिरी सूर्य ग्रहण पड़ा, जो भारत में करीब 2 घंटे तक दिखाई दिया। इसे देश के अधिकतर हिस्सों में देखा गया। सबसे पहले ग्रहण अमृतसर में शाम 4.19 बजे नजर आया। मुंबई में शाम 6.09 बजे तक सूर्य ग्रहण दिखाई दिया। ज्यादातर जगह ग्रहण सूर्यास्त के साथ ही खत्म हुआ।
भारत से पहले दुनिया के अलग-अलग देशों में सूर्य ग्रहण देखा गया। अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा के अनुसार आज का सूर्य ग्रहण यूरोप, पूर्वोत्तर अफ्रीका, मध्य-पूर्व और पश्चिम एशिया में दिखाई दिया।
इस बार दीपावली पर सूर्य ग्रहण और बुध, गुरु, शुक्र, शनि का अपनी-अपनी राशि में होना, ऐसा योग रहा, जो पिछले 1300 सालों में नहीं बना। इसका सूतक मंगलवार सुबह चार बजे से शुरू हो गया था। आज का ग्रहण भारत में दिखाई दिया, इसलिए सूतक की वजह से इस साल दिवाली और गोवर्धन पूजा के बीच एक दिन का अंतर है। अब गोवर्धन पूजा 26 अक्टूबर को होगी। 2022 के बाद दीपावली और सूर्य ग्रहण का योग 2032 में 3 नवंबर को बनेगा। इस सूर्य ग्रहण के बाद 8 नवंबर को पूर्ण चंद्र ग्रहण भी होगा, जो एशिया, ऑस्ट्रेलिया, प्रशांत महासागर और अमेरिका में दिखेगा।
