राहुल गांधी की कन्याकुमारी से कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा के बीच अगली यात्रा का रोडमैप भी तैयार हो गया है। अगले साल राहुल गांधी देश के पूर्वी हिस्से से पश्चिमी हिस्से की ओऱ यात्रा करेंगे। भारत जोड़ो यात्रा का यह दूसरा चरण होगा। राहुल गांधी की दूसरी पदयात्रा नॉर्थ ईस्ट से लेकर गुजरात के कच्छ तक हो सकती है। इसका मार्ग फाइनल होना बाकी है। राहुल गांधी की टीम दूसरे फेज की भारत जोड़ो यात्रा की तैयारियों का खाका बनाने में जुट गई है।
प्रियंका गांधी के राजनीतिक सलाहकार और भारत जोड़ो यात्रा के राजस्थान प्रभारी विभाकर शास्त्री ने कहा- यात्रा में कवर होने से कुछ राज्य रह जाएंगे। अभी यात्रा बॉटम टू अप यानी दक्षिण से उत्तर तक जा रही है। अगली यात्रा पूर्व से पश्चिम तक होगी। दूसरी यात्रा की योजना बना ली गई है। दूसरी यात्रा भी 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले होगी। पहली भारत जोड़ो यात्रा का करीब आधा सफर पूरा हो चुका है।
राहुल गांधी कन्याकुमारी से कश्मीर की यात्रा में 3700 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे। इसमें 12 राज्य कवर होंगे। ईस्ट से वेस्ट की दूसरी भारत जोड़ो यात्रा भी 3500 किलोमीटर के आसपास होगी।
दूसरी भारत जोड़ो यात्रा के रोडमैप के अनुसार नॉर्थ ईस्ट में यात्रा का शुरुआती पॉइंट अरुणाचल प्रदेश या मणिपुर हो सकता है। दूसरी यात्रा में मणिपुर, नागालैंड, मेघालय, असम, पश्चिमी बंगाल, बिहार, झारखंड, यूपी, छत्तीसगढ़ और गुजरात राज्य कवर करने पर विचार चल रहा है। राहुल गांधी की कन्याकुमारी से कश्मीर तक जाने वाली पहली भारत जोड़ो यात्रा दिसंबर के पहले सप्ताह में राजस्थान में आएगी। यात्रा करीब 18 से 21 दिन तक राजस्थान में रहेगी। 3 दिसंबर के आसपास यात्रा झालावाड़ के रास्ते राजस्थान में प्रवेश करेगी। झालावाड़ से कोटा और इसके बाद कोटा-लालसोट मेगा हाईवे का रूट लेगी। इस रूट में कोटा के बाद बूंदी, सवाईमाधोपुर जिले आएंगे। दौसा से यह यात्रा मेगा हाईवे होते हुए अलवर के मालाखेड़ा होते हुए आगे एनसीआर में प्रवेश करेगी। राहुल गांधी की यात्रा जब मध्यप्रदेश में होगी, तब वह कुछ समय गुजरात चुनाव में प्रचार के लिए जाएंगे। गुजरात चुनाव में प्रचार करने जाने के लिए राहुल गांधी यात्रा से ब्रेक लेंगे।
देश में राहुल गांधी सबसे ज्यादा लंबी यात्रा करने वाले नेता के तौर पर रिकॉर्ड बनाने की तैयारी कर रहे हैं। राहुल गांधी से पहले विनोभा भावे ने भूदान आंदोलन के वक्त यात्रा की थी। इसके बाद पूर्व पीएम चंद्रशेखर ने पूरे देश की यात्रा की थी। राहुल गांधी पूरी यात्रा पैदल कर रहे हैं और अगली यात्रा भी पैदल होगी।
