आईपीएल के बड़े खिलाड़ियों में से एक किरोन पोलार्ड ने टूर्नामेंट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। अब वह इंडियन प्रीमियर लीग में खेलते हुए नहीं दिखाई देंगे। 13 साल तक मुंबई इंडियंस के लिए खेलने वाले किरोन पोलार्ड अब टीम के बल्लेबाजी कोच होंगे।
किरोन पोलार्ड ने अपने ट्विटर अकाउंट पर रिटायरमेंट से जुड़ी जानकारी दी है। उन्होंने कहा, यह मेरे लिए आसान फैसला नहीं रहा है, लेकिन मुंबई इंडियंस के साथ की गई लंबी चर्चा के बाद मैं इस नतीजे पर पहुंचा हूं कि अब आईपीएल में मैं नहीं खेलूंगा। अगर मैं मुंबई इंडियंस के साथ नहीं खेल सकता तो किसी के साथ भी नहीं खेलूंगा।
पोलार्ड ने लिखा कि मुंबई इंडियंस ने काफी कुछ हासिल किया है और अब वह बदलाव के दौर से गुजर रही है। ये कोई इमोशनल गुडबाय नहीं है, क्योंकि मैंने मुंबई इंडियंस के बल्लेबाजी कोच का पद स्वीकार किया है। साथ ही मुंबई एमिरेट्स के साथ वह खेलते हुए नज़र आएंगे। किरोन पोलार्ड को इंडियन प्रीमियर लीग में एक दिग्गज खिलाड़ी के तौर पर देखा जाता है, वह शुरुआत से ही मुंबई इंडियंस के साथ जुड़े रहे। साल 2010 में दिल्ली की टीम के खिलाफ किरोन पोलार्ड ने डेब्यू किया था, जबकि साल 2022 में कोलकाता की टीम के खिलाफ उन्होंने अपना आखिरी आईपीएल मैच खेला। आईपीएल रिकॉर्ड को देखें तो उन्होंने कुल 189 आईपीएल मैच खेले। इनमें उनके नाम 3412 रन रहे, जिसमें 16 अर्धशतक शामिल रहे। पोलार्ड के नाम आईपीएल में कुल 223 छक्के हैं, जबकि उन्होंने बॉलिंग में कुल 69 विकेट लिए।
