राजस्थान में आज उत्तरप्रदेश के वाहनों पर भाजपा की जन आक्रोश य़ात्रा निकली। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इन जनाक्रोश रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
ये रथ जयपुर में केसरिया रंग के साथ प्रदेश की जन आक्रोश य़ात्रा के हिसाब से डिजाइन किए गए हैं, जो प्रदेश की 200 विधानसभाओं में जाएंगे। महिंद्रा बोलेरो पिकअप गाड़ियों को जन आक्रोश रथ का रूप दिया गया है। सभी उत्तरप्रदेश में रजिस्टर्ड नम्बर प्लेट के वाहन हैं। रथ का रंग केसरिया भगवा है। इस पर पीएम नरेंद्र मोदी, पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा, पूर्व सीएम वसुंधरा राजे, नेता प्रतिपक्ष गुलाबचन्द कटारिया और प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया का कोलाज फोटो वाला बैनर चिपकाया गया है।
रथ पर ‘जन आक्रोश यात्रा’ का लोगो लगा है। इनपर मिस्ड कॉल नम्बर- 8140200200 डिस्प्ले किया है। रथ के ऊपर 60 वॉट की एलईडी लाइट लगी है। ताकि रात के समय भी आसपास रोशनी कर छोटी-छोटी नुक्कड़ सभाएं, चौपालें की जा सकें। 120 वॉट के 2 स्पीकर और माइक का सिस्टम फिट किया गया है। फ्रंट में आगे की ओर स्पीकर लगे हैं, जिससे लोगों को संबोधित किया जा सके और जनआक्रोश म्युजिक चलाया जा सके।
रथ पर चढ़ने के लिए 3 फीट की लोहे की सीढ़ियां लगी हैं। इसपर सवार कार्यकर्ताओं के लिए मोबाइल चार्जिंग पॉइंट्स, पानी के कैम्पर, गद्दे,चादरें और सर्दी से बचाव के लिए कम्बल वगैरह उपलब्ध होंगे। हर रथ पर एक शिकायत पेटी रहेगी, जिसमें आम जनता से मिलने वाली लिखित शिकायतों और सुझावों को इकट्ठा कर छंटनी की जाएगी। इन समस्याओं के समाधान के लिए भाजपा जन घोषणा पत्र में शामिल करेगी। कुछ समस्याओं और शिकायतों को कांग्रेस की गहलोत सरकार के खिलाफ अगले चुनावी आरोप पत्र या चार्जशीट में शामिल किया जाएगा।
प्रदेश में 1 से 14 दिसम्बर तक कुल 75 हजार किलोमीटर की जन आक्रोश यात्रा निकलेगी। यात्रा के दौरान 20 हजार चौपाल, 20 हजार नुक्कड़ सभाएं होंगी।
