कांग्रेस स्टीयरिंग कमेटी की आज दिल्ली में बैठक हुई, जिसके बाद बताया कि भारत जोड़ो यात्रा के बाद पार्टी का अगला कदम क्या होगा।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता में संचालन समिति की बैठक में कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, अशोक गहलोत सहित कई बड़े नेता शामिल हुए। बैठक में कांग्रेस पार्टी ने भारत जोड़ो यात्रा के बाद ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान शुरू करने का फैसला किया है। के सी वेणुगोपाल ने कहा कि हमने 26 जनवरी से एक व्यापक अभियान – ‘हाथ से हाथ जोड़ो अभियान’ चलाने का फैसला किया है। यह अभियान दो महीने का होगा, जिसके तहत ब्लॉक स्तरीय पद यात्रा (पैदल मार्च) निकाली जाएगी। पार्टी इस दौरान राहुल गांधी का एक पत्र और मोदी सरकार के खिलाफ चार्जशीट सौंपेगी। इस यात्रा के दौरान युवाओं को जोड़ने पर ध्यान दिया जाएगा।
कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने कहा कि हाथ से हाथ जोड़ो अभियान में युवाओं से जुड़े मुद्दों सहित अन्य मुद्दों पर ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि अब तक 2,500 किलोमीटर से अधिक भारत जोड़ो यात्रा का सफर हो चुका है। आगे लगभग 1,100 किलोमीटर की यात्रा बाकी हैं। जयराम रमेश ने कहा कि हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा का आयोजन ब्लॉक के साथ-साथ जिला स्तर पर भी किया जाएगा। इस यात्रा के दौरान राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा की उपलब्धियों को गिनाएंगे।
स्टीयरिंग पैनल की बैठक संसद के शीतकालीन सत्र से पहले हो रही है, जो कुछ दिनों में शुरू होने वाला है। वेणुगोपाल ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा चल रही है। इसलिए संसद के शीतकालीन सत्र में राहुल गांधी का शामिल होना व्यवहारिक नहीं है।
