गुजरात में भाजपा ने 156 सीटों के साथ जीत का नया रिकॉर्ड बना दिया है। कांग्रेस ने 1985 में माधव सिंह सोलंकी की अगुआई में 149 विधानसभा सीटें जीती थीं। वहीं, नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री रहते भाजपा ने 2002 के चुनाव में 127 सीटें जीती थीं। इसबार की जीत के साथ भाजपा ने दोनों रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।
भाजपा की इस ऐतिहासिक जीत के पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम की सुनामी के अलावा पूरे चुनाव को बाहरी बनाम भीतरी की भाजपा की रणनीति कामयाब रही। आप ने यहां मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने की बजाय सीधे कांग्रेस के वोट को ही तोड़ा। इस कारण भाजपा ने गुजरात में सीट और वोट दोनों का एक नया रिकॉर्ड स्थापित कर दिया। गुजरात भाजपा अध्यक्ष सीआर पाटिल और मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने प्रेस कॉफ्रेंस कर गुजरात की जनता का आभार जताया है। सीएम पटेल ने भाजपा कार्यकर्ताओं को भी बधाई दी। अब 12 दिसंबर को विधानसभा में शपथ ग्रहण होगा, जिसमें पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह के साथ-साथ भाजपा शासित मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे।
