
पिछले दो मैच हारकर पहले ही श्रृंखला गंवा चुकी टीम इंडिया ने तीसरे एकदिवसीय मैच में बांग्लादेश को 227 रन से हरा दिया। इसके साथ ही भारतीय टीम क्लीन स्वीप होने से बच गई। यह एकदिवसीय क्रिकेट में रन के लिहाज से भारत की बांग्लादेश के ऊपर अब तक की सबसे बड़ी जीत है। पिछला रिकॉर्ड 200 रन का था। भारत ने 2003 में ढाका में बांग्लादेश को 200 रन से हराया था।
चटगांव में शनिवार को बांग्लादेश ने टॉस जीतकर भारत को बल्लेबाजी करने का न्यौता दिया। भारत ने ईशान किशन (210) की डबल सेंचुरी और विराट कोहली (113) के 44वें शतक की मदद से 50 ओवर में 8 विकेट पर 409 रन बनाए। ईशान ने एकदिवसीय क्रिकेट में सबसे तेज दोहरा शतक बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने 126 गेंद पर ही दोहरा शतक जमा दिया था। जवाब में बांग्लादेश की टीम 34 ओवर में 182 रन के स्कोर पर सिमट गई। शाकिब अल हसन ने सबसे ज्यादा 43 रन बनाए। भारत के लिए शार्दूल ठाकुर ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए।
इससे पहले चटगांव वनडे में ईशान किशन का जादू देखने को मिला। बाएं हाथ के इस ओपनिंग बैटर ने मैच में दोहरा शतक जड़ा। इसके साथ ही वो वनडे में सचिन तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग और रोहित शर्मा के इस विशेष क्लब का हिस्सा बन गए हैं। ईशान के दोहरा शतक जड़ते ही पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली ने अपने ही अंदाज में मैदान पर भांगड़ा डांस शुरू कर दिया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
भारत ने अपनी पारी में महज 15 रन पर ही शिखर धवन का विकेट गंवा दिया था। धवन आठ गेंदों पर तीन रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद विराट कोहली मैदान पर ईशान किशन का साथ निभाने के लिए आए। किशन शुरुआत में बेहद धीमी गति से रन बना रहे थे। उन्होंने 49 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद उन्होंने रनों की रफ्तार बढ़ाई। 24वें ओवर की पहली गेंद पर अफीफ हुसैन के खिलाफ चौके के साथ किशन ने अपना शतक पूरा किया। 85 गेंदों पर शतक लगाने वाले किशन ने इसके बाद अगली 41 गेंदों पर चौकों-छक्कों की बरसात करते हुए 126 गेंदों पर अपना दोहरा शतक जड़ा।
एक तरफ ईशान तेजी से रन बना रहे थे तो दूसरे छोर पर विराट कोहली केवल सिंगल व डबल लेने का काम कर रहे थे। विराट ने ईशान के साथ मिलकर 290 रन की विशाल साझेदारी बनाई। ये बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे विकेट के लिए भारत की सबसे बड़ी साझेदारी भी है। जैसे ईशान का दोहरा शतक पूरा हुआ। विराट उनके पास आए और भांगड़ा करने लगे। इसके बाद उन्होंने इस बाएं हाथ के बैटर को गले से लगा लिया।